
उत्तरकाशी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य की उपस्थिति में शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत गंगोत्री विधानसभा के विधायक सुरेश चौहान और पुरोला विधानसभा के विधायक दुर्गेश्वर लाल ने गणना फॉर्म भरा।
इस पहल के जरिए दोनों विधायकों ने जनपदवासियों को मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ स्तर पर चल रही इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने वर्तमान में चल रहे घर-घर सर्वे (डोर-टू-डोर) अभियान के दौरान जनपद के समस्त नागरिकों, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों से बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह अभियान मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विशेष रूप से उन नागरिकों के लिए जो वर्तमान में अपने मूल गांव में नहीं रह रहे हैं और कहीं बाहर निवासरत हैं, उनके लिए भी यह प्रक्रिया सुलभ बनाई गई है। ऐसे सभी नागरिक चुनाव आयोग के आधिकारिक पोर्टल voter.eci.gov.in पर जाकर अपना और अपने परिवार का फॉर्म ऑनलाइन आसानी से भर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें और सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।

Recent Comments