रुड़की(आरएनएस)। जिले में चल रहे राष्ट्रीय खेल के मद्देनजर एडीजी कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने शनिवार को हरिद्वार पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद राजपत्रित अधिकारियों की बैठक लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने दोनों अधिकारियों को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। वंदना कटारिया स्टेडियम पहुंचे एडीजी व आईजी ने प्रवेश द्वार, दर्शक दीर्घा व खिलाड़ियों के लिए आगमन व निकासी द्वार सहित अन्य व्यवस्थाओं का मौके पर जायजा लिया। जनपद अधिकारियों को सभी आगंतुकों की सघन चेकिंग करने व बिना किसी ढिलाई के सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। स्टेडियम का दौरा करने के बाद एडीजी मुरुगेशन व आईजी राजीव स्वरूप ने सीसीआर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल व जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की। बैठक में एडीजी ने स्नान ड्यूटी में अधिकारियों से उनके अनुभव व आने वाली भीड़ की संभावना के दृष्टिगत जानकारी व सुझाव साझा किए। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने वसंत पंचमी स्नान पर्व के लिए जनपद पुलिस की तैयारियों के तहत श्रद्धालुओं के आगमन व निकासी रास्तों के लिए पुलिस का ट्रैफिक प्लान और विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट पर नियुक्त किए गए अधिकारियों के संदर्भ में बताया। एसपी सिटी पंकज गैरोला ने स्नान पर्व को सकुशल संचालित किए जाने के लिए तैयार किए गए प्लान में अपने लंबे अनुभव के आधार पर आवश्यक सुझाव दिए व भीड़ बढ़ने की स्थिति में अपनाए जाने वाले वैकल्पिक प्लान के बारे में बताया। इस दौरान एडीजी वी मुरुगेशन ने राष्ट्रीय खेलों में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए कबड्डी के सेमी फाइनल मैच व हॉकी के महत्वपूर्ण मैच के दौरान किसी भी प्रकार की सुरक्षा में कोताही न बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए। वसंत पंचमी स्नान के लिए भी पूर्ण सतर्कता बरतने, विनम्रता बरतते हुए दृढ़ तरीके से अपनी ड्यूटी करने के लिए निर्देशित किया।

Recent Comments