नशा बेचने और फार्मा पदार्थों में मिलावट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, ऑन द स्पॉट दर्ज होंगे मुकदमे


हर स्कूल में बनेगी एंटी ड्रग्स समिति, नकली दवाओं पर चलेगा विशेष अभियान

देहरादून, 08 फरवरी 2025 (आरएनएस): जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय नारकोटिक्स समिति की बैठक में नशे के कारोबार और दवा मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नशे और नकली दवाओं के कारोबार पर तुरंत कार्रवाई होगी। अब न तो कोई सैंपलिंग होगी और न ही परिवाद दर्ज किया जाएगा। सीधे ऑन द स्पॉट मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा जाएगा।

स्कूलों में बनेगी एंटी ड्रग्स समिति

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रत्येक स्कूल में एंटी ड्रग्स समिति का गठन किया जाए। इस समिति में बच्चों को शामिल किया जाएगा ताकि वे नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक हों। इसके अलावा, सभी स्कूलों में “मानस पोर्टल” और हेल्पलाइन नंबर का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

नकली दवाओं और मिलावट पर विशेष अभियान

नकली दवाओं और नशे के लिए उपयोग होने वाले पदार्थों की बिक्री पर लगाम लगाने के लिए सभी उप जिलाधिकारियों, पुलिस क्षेत्राधिकारियों और ड्रग्स इंस्पेक्टरों को जिम्मेदारी दी गई है। डीएम ने निर्देश दिए कि मेडिकल स्टोर्स पर औचक निरीक्षण किया जाए और सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं।

18 वर्ष से कम आयु वालों को शराब की बिक्री पर रोक

जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए गए कि शराब की दुकानों और बार में 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को शराब बेचने पर सख्ती से रोक लगाई जाए। दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे और “18 वर्ष से कम को सामान न बेचें” पोस्टर लगवाना अनिवार्य होगा।

काउंसलिंग और जागरूकता अभियान

डीएम ने जोर दिया कि नशे से जुड़े लोगों की काउंसलिंग की जाए और लोगों को जागरूक करने के लिए नियमित अभियान चलाए जाएं। पुलिस विभाग ने बताया कि हिस्ट्रीशीटरों का एनडीपीएस प्रोफाइल तैयार किया गया है और ड्रग्स डिटेक्शन के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है।

बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, जिला आबकारी अधिकारी, वन विभाग और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments