
– राज्यपाल, सीएम के सुझाव भी होंगे स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल
-शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने की ननूरखेड़ा स्थिति एससीईआरटी मुख्यालय में ड्राफ्ट की समीक्षा
देहरादून(आरएनएस)। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत कक्षा तीन से 12 वीं तक के लिए तय किए जा रहे पाठ्यक्रम के स्वरूप का ड्राफ्ट जल्द जारी किया जाएगा। गुरुवार को शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने ननूरखेड़ा स्थिति एससीईआरटी मुख्यालय में ड्राफ्ट की समीक्षा की। उन्होंने इसे अंतिम रूप से जारी करने से पहले राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्यसचिव, शिक्षा विभाग के वर्तमान और पूर्व निदेशकों के सुझाव लेने के निर्देश दिए। मालूम हो कि विभागीय स्टीयरिंग कमेटी ड्राफ्ट को मंजूरी दे चुकी है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि जो जो नए सुझाव प्राप्त हों, उन्हें भी ड्राफ्ट में शामिल किया जाए। इसे व्यापक रूप में देखते हुए इसमें शारीरिक शिक्षा, योग शिक्षा, नैतिक शिक्षा, खेल और व्यावसायिक शिक्षा को मुख्य रूप से शामिल किया जाए। साथ ही पूरे पाठयक्रम के केंद्र में बच्चों को रखा जाए। महानिदेशक-शिक्षा बंशीधर तिवारी ने कहा कि पाठ्यचर्या में महान विभूतियों से सम्बंधित जीवनी, कहानी, नाटक आदि को शामिल करते हुए हमारे पूर्वजों के गौरवशाली इतिहास को भी सम्मिलित किया जाए। अपर निदेशक-एससीईआरटी प्रदीप कुमार रावत ने पाठ्यचर्चा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उसकी चुनौतियों को भी रखा।
बैठक में निदेशक- अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण बंदना गर्ब्याल, निदेशक-बेसिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल, निदेशक-माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, संयुक्त निदेशक- महानिदेशालय पद्मेंद्र कुमार सकलानी, निदेशक- संस्कृत शिक्षा डॉ०आनंद भारद्वाज, उपनिदेशक शैलेश कुमार श्रीवास्तव, सहायक निदेशक डॉ. कृष्णानंद बिजलवाण, एनईपी प्रकोष्ठ के समन्वयक रवि दर्शन तोपाल, मनोज किशोर बहुगुणा, डॉ. कामाक्षा मिश्रा सहित समस्त संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

Recent Comments