हिमस्खलन में फंसे श्रमिकों का रेस्क्यू जारी, मुख्यमंत्री दोबारा पहुँचे कंट्रोल रूम और दिए सख्त निर्देश

देहरादून,28फरवरी2025(आरएनएस)उत्तराखंड के माणा में हिमस्खलन की चपेट में आए श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं स्थिति का जायजा लेने के लिए शुक्रवार देर रात राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (यूएसडीएमए) से राहत कार्यों की समीक्षा की और फिर नियंत्रण कक्ष से पूरे अभियान की निगरानी की।

प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, शुरुआत में सूचना थी कि हिमस्खलन में 57 लोग फंसे हैं, लेकिन प्रशासनिक पड़ताल में यह संख्या 55 पाई गई। राहत दलों ने अब तक 33 श्रमिकों को सुरक्षित निकाल लिया है, जबकि 22 अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश में सघन खोजबीन जारी है।

मुख्यमंत्री धामी ने सेना, आईटीबीपी, बीआरओ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, वायुसेना और अन्य संबंधित एजेंसियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी चमोली को निर्देशित किया कि बदरीनाथ हेलीपैड को पूरी तरह क्लियर रखा जाए, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन में कोई बाधा न आए। इसके अलावा, जोशीमठ में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के भी आदेश दिए गए हैं।

ग्राउंड जीरो पर पहुंच सकते हैं मुख्यमंत्री
यदि मौसम अनुकूल रहा तो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को ग्राउंड जीरो पहुंचकर स्थिति का स्वयं जायजा ले सकते हैं। उन्होंने हेलीकॉप्टरों के माध्यम से बचाव कार्य को तेज करने के लिए वायुसेना, यूकाडा और निजी हेलीकॉप्टर सेवाओं को अलर्ट पर रखा है। शनिवार सुबह से रेस्क्यू अभियान को और गति दी जाएगी।

प्रभावितों की सूची जारी
प्रशासन ने पुष्टि की है कि सभी 55 प्रभावित श्रमिकों की सूची तैयार कर ली गई है और इसे प्रेस नोट के साथ संलग्न किया गया है। वहीं, रेस्क्यू किए गए लोगों का विस्तृत विवरण भी तैयार किया जा रहा है।

सरकार और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में फंसे हुए श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएं।

प्रभावित श्रमिकों की सूची यँहा देखें।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments