07 मार्च तक सभी मामलों का समाधान करने के निर्देश, सहायक श्रम आयुक्त का रोका वेतन
देहरादून, 05 मार्च 2025 (सू.वि.) – जिलाधिकारी सविन बंसल की सख्ती का असर जनता दिवस में साफ नजर आया। जनता की समस्याओं को लेकर ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों पर डीएम ने सीधा एक्शन लिया, जिससे मामलों का त्वरित समाधान शुरू हो गया है। जनता दर्शन में आए मामलों पर डीएम ने सख्त लहजे में कहा कि जनमानस को बेवजह चक्कर काटने की प्रवृत्ति बदले, अन्यथा सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
श्रम विभाग में बड़ी कार्रवाई
जनता दिवस में श्रम विभाग से जुड़े तीन अहम मामले सामने आए, जिन पर डीएम ने तत्काल कार्रवाई की। सहायक श्रम आयुक्त की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए उनका एक दिन का वेतन रोक दिया गया और 07 मार्च तक सभी मामलों का समाधान करने का सख्त निर्देश दिया गया।

1. श्रम कार्ड नवीनीकरण में लापरवाही – डोईवाला के श्रम कार्यालय, ऋषिकेश में श्रमिकों के कार्ड नवीनीकरण और आर्थिक सहायता आवेदनों में आ रही परेशानियों पर डीएम ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को 07 मार्च तक सभी लंबित मामलों का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण करने के आदेश दिए।
2. मजदूरी न देने और उपकरण जब्त करने का मामला – एक भवन स्वामी द्वारा श्रमिकों को मजदूरी न देने और उनके उपकरण जब्त करने की शिकायत पर डीएम के निर्देश पर श्रम विभाग ने तुरंत हस्तक्षेप किया। अब दोनों पक्षों में सहमति बन गई है और मजदूरों को उनका भुगतान मिल रहा है।
3. विधवा महिला को आर्थिक सहायता का अधिकार – ऋषिकेश निवासी एक महिला, जो अपने पति की जनवरी 2024 में मृत्यु के बाद मिलने वाली सहायता के लिए दर-दर भटक रही थी, उसे न्याय दिलाने के लिए डीएम ने 07 मार्च तक मामला सुलझाने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सड़क मुआवजा वितरण पर डीएम की कड़ी नजर
सड़क मुआवजा वितरण और सड़क निर्माण को लेकर शिकायतें मिलने पर डीएम ने पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को कड़े निर्देश दिए कि पीड़ितों को जल्द से जल्द मुआवजा मिले और सभी विवादित मामलों को निपटाया जाए।
डीएम की सख्ती का असर: अब अधिकारी खुद दौड़कर निपटा रहे मामले
डीएम सविन बंसल के स्पष्ट निर्देशों के बाद प्रशासन में तेजी आई है। अब अधिकारी खुद सक्रिय होकर जनता की समस्याओं का समाधान करने में जुट गए हैं, जिससे सरकार और प्रशासन पर जनता का विश्वास और मजबूत हो रहा है।

Recent Comments