देहरादून,11 मार्च, 2025(आरएनएस ) राजभवन में मंगलवार को होली मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन हर्ष और पारंपरिक उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर ने कार्यक्रम में भाग लिया और उपस्थित सभी महिलाओं को होली की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में रंगों की बहार के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी आनंदमय बना दिया, जिसमें पारंपरिक होली गीतों और लोक नृत्यों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

श्रीमती गुरमीत कौर ने कार्यक्रम के दौरान होली के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता का प्रतीक है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से आग्रह किया कि वे पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्राकृतिक रंगों का प्रयोग करें और जल संरक्षण का महत्व समझें।
राजभवन की महिला अधिकारियों और अन्य महिलाओं ने भी इस कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया और होली की खुशियों का आनंद लिया। इस अवसर पर अपर सचिव श्रीमती स्वाति एस. भदौरिया, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, डॉ. अंजलि सिंह, पूजा मारवाह, अंजू डिमरी सहित अन्य सम्मानित महिलाएं भी उपस्थित रहीं।


Recent Comments