
लखनऊ 18 मार्च (आरएनएस ) 19वीं रमजान के अवसर पर राजधानी लखनऊ स्थित थाना सआदतगंज के रौजा-ए-काजमैन और मस्जिद कूफा में 20 मार्च को सुबह 4:00 बजे मजलिस और नमाज का आयोजन किया जाएगा। इसके मद्देनजर लखनऊ पुलिस ने यातायात में आवश्यक बदलाव किए हैं।यातायात पुलिस के अनुसार, 20 मार्च की रात 2:00 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक कुछ प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। कटरा (कल्लू) तिराहा से रौजा-ए-काजमैन की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा, जबकि ये वाहन बड़े तालाब राजाजीपुरम के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। लाल माधव तिराहे (हैदरगंज) से नक्खास तिराहे की ओर कोई भी वाहन नहीं जा सकेगा, बल्कि उन्हें ऐशबाग या बुलाकी अड्डा होकर जाना होगा।इसी प्रकार, टुडिय़ागंज तिराहे से मंसूरनगर और गिरधारी इंटर कॉलेज की ओर जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी और इन्हें थाना बाजारखाला, हैदरगंज तिराहा होकर जाना होगा। मंसूरनगर तिराहे से रौजा-ए-काजमैन की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे, बल्कि नौबस्ता की ओर होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। सहादतगंज/रौजा-ए-काजमैन तिराहे से इमामबाड़ा/मंसूरनगर की ओर भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा।इसके अलावा, अकबरी गेट (मेफेयर) तिराहा से नक्खास तिराहे व मेडिकल क्रॉस (कमला नेहरू) की ओर, कमला नेहरू क्रासिंग से नक्खास तिराहे की ओर और रकाबगंज पुल चौराहा से नक्खास तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।यातायात पुलिस ने बताया कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए आवश्यक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराए गए हैं। हालांकि, चिकित्सकीय आपातकाल जैसी अपरिहार्य स्थिति में एंबुलेंस, फायर सर्विस, स्कूली वाहन और शव वाहन को यातायात पुलिस की अनुमति से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने की छूट दी जा सकती है। ऐसे किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में यातायात नियंत्रण कक्ष के नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए इन प्रतिबंधों का पालन करें और आवश्यकतानुसार अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पहले से ही वैकल्पिक मार्गों की योजना बना लें।

Recent Comments