राज्य सरकार के 3 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री ने फिट इंडिया मूवमेंट में फूंकी जान

मुख्यमंत्री ने युवाओं के बीच लगाए पुश-अप्स, फिटनेस को दिनचर्या में शामिल करने की अपील

देहरादून,23मार्च 2025(आरएनएस ) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को एथलेटिक्स ग्राउंड, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर, देहरादून में राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने फिट इंडिया रन का फ्लैग ऑफ किया और खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर पुश-अप्स लगाकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को फिट इंडिया की शपथ भी दिलाई।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड युवा कल्याण विभाग के सहयोग से संचालित ड्रोन कोर्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को ड्रोन वितरित किए। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के ये तीन वर्ष सेवा, सुशासन, विकास और जनहित को समर्पित रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजाना आधा घंटा व्यायाम करने, पौष्टिक आहार लेने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही उत्तराखंड की असली ताकत हैं और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है।

राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफल मेजबानी की थी, जिसकी सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में भी की थी। इन खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर पदक तालिका में सातवां स्थान हासिल किया। सरकार ने राज्य के पदक विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि दोगुनी करने और उन्हें आउट ऑफ टर्न नियुक्ति देने का भी निर्णय लिया है।

खेल सुविधाओं का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना और मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना जैसी योजनाएं खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में सहायक होंगी। इसके अलावा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को खेल किट, यात्रा भत्ता और चोटिल होने पर आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक प्रशांत आर्य, संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल, जिलाधिकारी सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments