देहरादून, 24 मार्च 2025(आरएनएस )वर्षों से बरसाती पानी की निकासी के कारण परेशानी झेल रहे आईएसबीटी चौक को अब स्थायी समाधान मिलने जा रहा है। जिलाधिकारी सविन बसंल के निर्देश पर स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण कार्य और मौजूदा नाले की सफाई युद्धस्तर पर शुरू हो चुकी है।
जिलाधिकारी ने कार्य के लिए स्मार्ट सिटी बजट का प्रबंध किया है और विधिवत टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। इस प्रक्रिया में एक वर्ष का रखरखाव भी शामिल है, जिसे आवश्यकता अनुसार तीन वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। डीएम की सक्रियता और सख्ती के चलते वर्षों से लंबित ड्रेनेज कार्य अब गति पकड़ चुका है।

मुख्यमंत्री के विशेष निर्देशों के बाद डीएम ने आईएसबीटी चौक पर जलभराव की समस्या का गहन अध्ययन कर ठोस समाधान की योजना बनाई। नक्शों, ड्रेनेज रूट, और टाइम प्लान की विस्तृत समीक्षा के बाद इस योजना को धरातल पर उतारा गया। डीएम ने स्वयं इस कार्य की मॉनिटरिंग की और जल्द ही साइट का निरीक्षण करेंगे।
बरसात के मौसम में जलभराव से होने वाली दुर्घटनाओं और असुविधाओं से शहरवासी और यात्री अब राहत की सांस ले सकेंगे। स्मार्ट सिटी बजट में रखरखाव का भी प्रावधान किया गया है, जिससे भविष्य में कोई समस्या उत्पन्न न हो। जल्द ही आईएसबीटी चौक और उसके आसपास के इलाके को इस नई प्रणाली का लाभ मिलेगा।


Recent Comments