भाजपा सरकार के ऐतिहासिक निर्णयों का जनता को मिल रहा लाभ : पुंडीर

विकासनगर(आरएनएस)। प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे होने पर पछुवादून, जौनसार बावर के ब्लॉक मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान परेड ग्राउंड देहरादून में चल रहे कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। सहसपुर ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक सहदेव पुंडीर ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का अब तक का कार्यकाल बेमिसाल रहा है। सरकार ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए है, जिनका सीधा लाभ जनता को मिल रहा है। बताया कि समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड पूरे देश में पहला राज्य है। यूसीसी लागू होने से नागरिकों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग यूसीसी के बारे में भ्रांतियां फैला रहे हैं, लेकिन इस कानून के लागू होने से किसी को नुकसान नहीं हो रहा है। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शीतकालीन चारधाम यात्रा की शुरुआत की है, जिससे प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के साधन विकसित होंगे। महिलाओं और राज्य आंदोलनकारी, आंदोलनकारियों के आश्रितों को सरकारी नौकरी में आरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार के शासनकाल में पछुवादून में भी विकास को गति मिली है। हर गांव को सड़क यातायात से जोड़ा जा रहा है। छरबा में फार्मा सिटी विकसित की जा रही है। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में भी कई ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। विधायक पुंडीर ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता के सहयोग से विकास के नए आयामों को छू रही है। कार्यक्रम के दौरान कई महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल भी लगाए गए थे। विकासनगर ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख जसविंदर सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार ने विकासनगर शहर में सीवर लाइन बिछाकर जनता की कई दशकों की मुराद पूरी की है। मंडी परिसर में कोल्ड स्टोरेज बनाया जा रहा है। किसानों को अनाज साफ करने के लिए क्लीनिंग प्लांट की सुविधा दी गई है। नावघाट और शीतला पुल का निर्माण भाजपा सरकार ने किया है। चकराता और कालसी ब्लॉक मुख्यालयों में भी सरकार के तीन साल पूरे होने पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। कालसी में ब्लॉक प्रमुख मठोर सिंह ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां बताई। चकराता में छावनी परिषद के मनोनीत सदस्य अनिल चांदना ने सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान मंडल अध्यक्ष सुखदेव फर्सवाण, नारायण राणा, शुभम गर्ग, अनुज गुलेरिया, यशपाल नेगी, लक्ष्मण बहादुर मल्ल आदि मौजूद रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments