डीएम टिहरी ने लिया चारधाम यात्रा मार्गों का जायजा

ऋषिकेश(आरएनएस)।  चारधाम यात्रा के तहत शनिवार को डीएम टिहरी मयूर दीक्षित ने यात्रा मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को मार्गों पर पैराफिट और क्रश बैरियर के साथ ही साइनेज लगाने के निर्देश दिए। मुनिकीरेती में बजरंग सेतु का जायजा लेकर डीएम ने सभी व्यवस्थाओं को यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व ही चाक-चौबंद करने को भी निर्देशित किया। इस दौरान उन्हेांने बजरंग सेतु का भी जायजा लिया। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। शनिवार को डीएम मयूर दीक्षित ने गंगोत्री नेशनल हाईवे स्थित भद्रकाली में परिवहन और पुलिस की चेक पोस्ट, खारास्रोत पार्किंग, तपोवन चेकपोस्ट, और बजरंग सेतु का निरीक्षण किया। उन्होंने चोपड़ियाली, खाड़ी, ताछिला, बगड़धार आदि संवेदनशील स्थानों पर मरम्मत कार्यों की जानकारी ली। खाड़ी में मरमत कार्यों को लेकर बीआरओ के अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने कार्यों की स्वीकृति मिलते ही काम शुरू करने की बात कही। डीएम ने बीआरओ को यात्रा से पूर्व सड़कों से मलबा हटाने, सड़क किनारे नालियों की सफाई करवाने, झाड़ी कटान तथा रंग-रोगन करने को कहा। उन्होंने खाड़ी में सड़क से मलबा हटाते हुए ब्लैक कोड करने, पैराफिट बनाने, क्रश बैरियर और साइनेज लगाने के भी निर्देश दिए। एआरटीओ से वाहन स्पीड मीटर की जानकारी लेते हुए ताछिला में वाहन स्पीड मीटर का निरीक्षण किया। एआरटीओ सतेंद्र राज ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग पर वाहनों की गति मापने के लिए एक वाहन स्पीड मीटर एनएच-7 पर साकनीधार में लगाया गया है। वहीं, उन्होंने भद्रकाली चौराहा पर बने डायवर्जन के डिजाइन को ठीक करने, ईओ नरेंद्रनगर को पेयजल और शौचालयों की उचित व्यवस्था करने, यात्रा में सुव्यवस्थित यातायात के लिए बैरियर लगाने को भी निर्देशित किया। खारास्रोत पार्किंग निरीक्षण के दौरान ईओ मुनिकीरेती, तपोवन और नरेंद्रनगर को यात्रा मार्गों पर 15 अप्रैल तक साफ सफाई कर कूड़ा निस्तारित करने तथा निराश्रित पशुओं को गौशाला भेजने को कहा। डीएम मयूर दीक्षित ने तपोवन में परिवहन चेक पोस्ट पर भारी वाहनों के ग्रीन कार्ड और अन्य वाहनों की ओवरलोडिंग चेकिंग करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। ब्रह्मपुरी एवं भद्रकाली में एएनपीआर से वाहनों की नियमित रूप से निगरानी करने को भी कहा। इससे पहले डीएम ने यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर विभागीय अधिकारियों की बैठक नगर पालिका मुनिकीरेती में ली, जिसमें हरहाल में 25 अप्रैल तक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिये गये। इस अवसर पर एसएसपी टिहरी आयुष अग्रवाल, एसडीएम नरेंद्रनगर देवेंद्र नेगी, एआरटीओ सतेंद्र राज, बीआरओ अधिकारी सुरेंद्र सिंह, तहसीलदार नरेंद्रनगर एपी उनियाल, ईओ नगरपालिका मुनिकीरेती अंकिता जोशी समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments