
लखनऊ 1 अप्रैल (आरएनएस ): उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को 7-कालिदास मार्ग स्थित अपने कैंप कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक फरियादी की समस्या का त्वरित और संतोषजनक निस्तारण किया जाए।उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी आवश्यक है। भूमि विवाद, अवैध कब्जे, उत्पीडऩ, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास आवंटन, अतिक्रमण हटाने, सडक़ों की मरम्मत, विद्युत आपूर्ति और अभियुक्तों की गिरफ्तारी से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए।जनता दर्शन के दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्वयं लोगों के पास जाकर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर जमीन संबंधी मामलों का समाधान सुनिश्चित किया जाए।महिलाओं, दिव्यांगजन और बुजुर्गों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जरूरत पडऩे पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जनता दर्शन में दो दर्जन से अधिक जिलों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान हेतु तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

Recent Comments