देहरादून, 08 अप्रैल 2025: देहरादून में यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नगर व देहात क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 62 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 12 वाहन चालकों को शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में सख्त कार्रवाई
थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने अभियान के तहत ड्रंक एंड ड्राइव के मामले में 12 वाहन चालकों को मौके पर ही गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त ट्रिपल राइडिंग करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए कुल 23 वाहनों को सीज किया गया। एम.वी. एक्ट के अंतर्गत 23 वाहनों पर मौके पर ही नकद चालान भी काटे गए।
सेलाकुई क्षेत्र में ओवरलोड डंपरों पर शिकंजा
थाना सेलाकुई क्षेत्र में भी पुलिस ने जबरदस्त चेकिंग अभियान चलाया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 35 दुपहिया वाहन चालकों के वाहन सीज किए गए। साथ ही चार डंपर, जो निर्धारित सीमा से अधिक भार लेकर चल रहे थे, उन्हें भी सीज कर लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। दून पुलिस की यह सख्त कार्रवाई नागरिकों की सुरक्षा और सड़क अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से की जा रही है।
दून पुलिस का संदेश साफ है – नियम तोड़ोगे तो कार्रवाई तय है।

Recent Comments