जौनसार बावर में बिस्सू पर्व का जश्न, पंचायती आंगनों में किया नृत्य

विकासनगर(आरएनएस)।  समस्त जौनसार बावर क्षेत्र बिस्सू पर्व के उल्लास में डूब गया है। लोगों ने अपने ईष्ट देव को बुरांश के फूल अर्पित कर रविवार को उनकी आराधना की। हर गांव के मंदिरों में लोकनृत्य व देवगीत गाकर एक-दूसरे को पर्व की बधाई दी गई। ग्रामीणों ने गांव के हर एक घर पर बुरांश के फूल लगाए। जौनसार बावर में बिस्सू पर्व के आगमन से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। शनिवार को चालदा महाराज मंदिर में फुलियात पर्व मनाया गया था। इसके बाद रविवार सुबह संगरांद की फुलियात के साथ हर गांव मे पर्व का जश्न शुरू हो गया है। सुबह स्नान ध्यान के बाद पंचायती आंगन में एकत्रित हुए ग्रामीण ढोलबाजों के साथ जंगल में पहुंचे और वहां से बुरांश के फूल लाकर सबसे पहले ईष्ट देवता के मंदिर में अर्पित किए। जिसके बाद ग्रामीणों ने अपने ईष्ट के दर्शन कर मन्नतें मांगी। मान्यता के अनुसार बिस्सू से पहले आने वाली संगरात को ग्रामीण एकत्र होकर जंगलों से बुरांश के फूल लाकर देवता के चरणों में अर्पित करते हैं। साथ ही गांव और हर घर पर भी फूल लगाते हैं। ग्रामीण प्रदीप रावत, भाव सिंह रावत, गोपाल, दिनेश तोमर, सालकराम जोशी, वीरेंद्र जोशी, अर्जुन दत्त जोशी, राजेन्द्र जोशी, अजबीर चौहान, जगदीश भारती, नंदलाल भारती आदि का कहना है कि बसंत ऋतु के आगाज पर नई फसलों की पैदावार होती है इन दिनों हर तरफ फसल लहलहाती नजर आती है। जिसके चलते फसल का कटान करने से पूर्व लोग इस पर्व को धूमधाम से मनाते हैं। उधर फुलियात के बाद ग्रामीणों ने पंचायत आंगन में हारुल नृत्य कर पर्व का जश्न मनाया। बिस्सू के लिए सभी घरों में पकवान तैयार हैं और लोगों में बिस्सू मनाने के लिए काफी उत्साह है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments