देहरादून, 23 अप्रैल 2025: उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में कल हुए कायराना आतंकी हमले की कड़ी शब्दों में निंदा की है। इस बर्बर घटना में निर्दोष नागरिकों की जान जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
डॉ. खन्ना ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, “आतंकवादी हमारे दिलों-दिमाग में डर और असुरक्षा का भाव पैदा करना चाहते हैं। उनका मकसद विकसित भारत की सकारात्मक छवि को धूमिल करना और हमारी उन्नति को बाधित करना है। लेकिन हम भारतीय ऐसे किसी भी कायरतापूर्ण कृत्य के सामने झुकने वाले नहीं हैं। हम सभी एकजुट होकर इस चुनौती का दृढ़ता से सामना करेंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में बच्चों और युवाओं के मन में सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इस प्रकार की घटनाओं से हमारे देश की एकता और अखंडता को तोड़ने का कोई भी प्रयास सफल नहीं होगा।
डॉ. गीता खन्ना ने इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Recent Comments