सरकार में दखल क़े लिए खनन-शराब माफिया को ठहराया जिम्मेदार
भिकियासैण,अल्मोड़ा,24अप्रैल 2025 : उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार का रिमोट कंट्रोल खनन और शराब माफिया के हाथों में है। मुख्यमंत्री की सार्वजनिक घोषणाओं के बावजूद खनन और आबकारी विभाग उनकी बातों पर अमल नहीं कर रहा है, जिससे सरकार जनता का विश्वास पूरी तरह खो चुकी है।
रानीखेत रोड स्थित घनश्याम करगेती सेवा आश्रम में हुई बैठक में पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों ने प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने शराब की दुकानों को बंद करने की जो घोषणा की थी, वह अभी तक लागू नहीं हुई है। इसके चलते शराब माफिया सक्रिय हैं और अवैध खनन भी जारी है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए सदस्यता नवीनीकरण और सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया गया।
पार्टी ने कहा कि प्रदेश के किसान, मजदूर, छात्र, नौजवान और आम जनता नशा, अवैध खनन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, समान नागरिक संहिता और जंगली जानवरों की समस्या से निजात पाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन उनकी बात नहीं सुन रहा है।
उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे भाजपा सरकार को हटाने और प्रदेश को बचाने के लिए एकजुट होकर ‘भाजपा हटाओ, प्रदेश बचाओ’ अभियान में शामिल हों। पार्टी ने इसे ही प्रदेश की समस्याओं का एकमात्र समाधान बताया।
बैठक में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी, केंद्रीय उपाध्यक्ष योधराज त्यागी, कुलदीप मधवाल, प्रधान महासचिव प्रभात ध्यानी, केंद्रीय महासचिव नरेश चंद्र नौडियाल, दिनेश उपाध्याय, सचिव अमीनुरहमान, जगदीश ममगाई, कौस्तुवनंद भट्ट, भावना पांडे, भारती पांडे, सतवीर, लालमणि, आसिफ, सुनील पर्नवाल, शिवेंद्र सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Recent Comments