देहरादून, 24 अप्रैल 2025: देहरादून पुलिस ने रायपुर थाना क्षेत्र में हुई टाटा सूमो वाहन चोरी की घटना का शानदार अनावरण करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को धर दबोचा है। पुलिस की तत्परता और सघन चेकिंग अभियान के चलते यह सफलता हासिल हुई।
घटनाक्रम के अनुसार, दिनांक 23 अप्रैल 2025 को वादी श्री सूर्य प्रकाश, निवासी ग्राम रगस्या थाती बूढाकेदार टिहरी गढ़वाल ने थाना रायपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 अप्रैल की रात किसी अज्ञात चोर ने उनकी टाटा सूमो (संख्या: यूके07टीबी1044) को सहस्त्रधारा रोड रायपुर देहरादून से चुरा लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशानुसार, चोरी की घटना के अनावरण और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए थाना क्षेत्र में तत्काल सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान, हर्रावाला बैरियर के पास देहरादून की ओर से तेज़ गति से आ रहे एक संदिग्ध वाहन को पुलिस चेकिंग देखकर चालक ने वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। भागने की कोशिश में वाहन फ्लाईओवर के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
वाहन में चालक सहित कुल तीन व्यक्ति सवार थे। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने सहस्त्रधारा रोड से टाटा सूमो चोरी करने की बात कबूल कर ली। दुर्घटना में घायल होने के कारण तीनों व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के लिए 108 एम्बुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
आज दिनांक 24 अप्रैल 2025 को पुलिस टीम ने अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद दो अभियुक्तों, मौ० अकील पुत्र मुशर्रफ (निवासी इन्दर रोड़ संजय कालोनी डालनवाला, देहरादून, उम्र- 30 वर्ष) और बबलू साहनी पुत्र स्व० श्री सुशील साहनी (निवासी केशवपुरी बस्ती, डोईवाला, देहरादून, उम्र- 26 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। घटना में शामिल एक अन्य अभियुक्त, नन्दलाल पुत्र बटोही दास (निवासी केशवपुरी बस्ती डोईवाला) वाहन दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के कारण अभी भी अस्पताल में उपचाराधीन है।
पूछताछ में यह भी पता चला है कि गिरफ्तार अभियुक्त पूर्व में भी वाहन चोरी की घटना में जेल जा चुके हैं, जिसके संबंध में पुलिस और जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने चोरी की गई टाटा सूमो (संख्या: यूके07टीबी1044) को बरामद कर लिया है।
इस सफल अनावरण में निम्नलिखित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई:
- उ0नि0 ज्योति प्रसाद उनियाल
- हे0का0 महावीर सिंह
- हे0का0 रमेश स्नेही
देहरादून पुलिस जनता से अपील करती है कि वे अपने वाहनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें।

Recent Comments