देहरादून, 25 अप्रैल 2025: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के आदेशानुसार, अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के उद्देश्य से, पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने आज दिनांक 25-04-25 को क्षेत्र में सत्यापन अभियान चलाया। यह अभियान विशेष रूप से मुस्लिम कॉलोनी में चलाया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का सत्यापन करना था।
पुलिस टीम ने घर-घर जाकर किरायेदारों की जानकारी एकत्र की और उनके दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान, यह पाया गया कि 35 भवन स्वामियों द्वारा अपने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने इन 35 मकान मालिकों के विरुद्ध धारा 83 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 3 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह सत्यापन अभियान जिले भर में जारी रहेगा ताकि बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों की पहचान सुनिश्चित की जा सके और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने सभी भवन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं, अन्यथा उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Recent Comments