देहरादून,25अप्रैल 2025 : राजधानी देहरादून में निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि, किताबें, यूनिफॉर्म और एडवांस शुल्क के नाम पर हो रही लूट के खिलाफ अभिभावकों में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में युवा इंटक (INTUC) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह क्षेत्री के नेतृत्व में आंदोलन ने रफ्तार पकड़ ली है।
हाल ही में जिलाधिकारी कार्यालय में धरना देने के बाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए पंकज सिंह क्षेत्री को एकता विहार धरना स्थल पर छोड़ दिया गया था, जहां उन्होंने दो दिवसीय धरना देकर अभिभावकों से आंदोलन में सक्रिय रूप से भागीदारी करने का आह्वान किया था।

आंदोलन को और गति देने के लिए पंकज सिंह क्षेत्री ने एंन मैरी स्कूल, बल्लूपुर में जाकर अभिभावकों के बीच अपील पत्र बांटे और निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ जारी आंदोलन में जुड़ने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने आंदोलन से जुड़ने के लिए एक संपर्क नंबर 9412001234 भी जारी किया।
पंकज सिंह क्षेत्री ने कहा कि निजी स्कूलों की लूट के खिलाफ हर वर्ष आंदोलन होता है, परंतु निजी स्कूल प्रबंधनों और किताब माफियाओं की मिलीभगत के चलते ये आंदोलन जल्द ही दम तोड़ देते हैं। उन्होंने साफ किया कि इस बार ऐसा नहीं होने दिया जाएगा और जब तक उत्तर प्रदेश की तरह उत्तराखंड में भी ‘फीस एक्ट’ लागू नहीं किया जाता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने अभिभावकों से अपील की कि वे प्रत्यक्ष रूप से न सही, लेकिन नैतिक समर्थन अवश्य दें, क्योंकि यदि स्कूल प्रबंधन को किसी अभिभावक के आंदोलन में शामिल होने की जानकारी मिलती है, तो बच्चों को प्रताड़ना का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि वह देहरादून के प्रत्येक स्कूल में जाकर अभिभावकों को जागरूक करेंगे और आंदोलन से जुड़ने का आह्वान करेंगे।
अभियान की शुरुआत में पंकज सिंह क्षेत्री के साथ युवा इंटक के अन्य सदस्य हरिओम भट्ट, अंकित थापा, अजय धीमान, रितेश खड़का और सिद्धांत कुमार भी मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर इस मुद्दे पर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।

Recent Comments