राक्षसो के संहार को श्रीराम ने उठाया धनुष, डिफेंस कारीडोर बनेगा उसीका परिचायक: योगी

केवीके गनींवा में मानस मर्मज्ञ मोरारी बाबू व सीएम ने संत तुलसी की साढ़े छह फिट की प्रतिमा का किया अनावरण
-परमानंद आश्रम विद्यालय के बच्चों को बांटी चाकलेट, दसवीं तक शिक्षण संचालित करने का दिया भरोसा
चित्रकूट 31 जुलाई (आरएनएस)। दीनदयाल शोध संस्थान कृषि विज्ञान केन्द्र गनीवां में गोस्वामी तुलसीदास जयंती के अवसर पर गोस्वामी तुलसीदास की प्रतिमा का अनावरण मानस मर्मज्ञ संत मोरारी बापू एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस अवसर पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, चित्रकूट के प्रभारी मंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी, महामंडलेश्वर संतोषाचार्य महाराज सतुआ बाबा, दीनदयाल शोध संस्थान के प्रधान सचिव निखिल मुंडले, राष्ट्रीय संगठन सचिव अभय महाजन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
गुरुवार की दोपहर मुख्यमंत्री का उड़नखटोला कृषि विज्ञान केन्द्र गनींवा के हेलीपैड पर उतरा। 1 घंटा 30 मिनट तक मुख्यमंत्री केवीके परिसर के कार्यक्रमों में उपस्थित रहे। गनीवा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परमानंद आश्रम विद्यालय के बच्चों को चॉकलेट बांटी। उन्होंने बच्चों से संवाद कर शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। प्रतिमा अनावरण के उपरांत तुलसी परिसर में ही स्थित परमानन्द आश्रम पद्धति विद्यालय गनीवां में मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित किया। इसके पूर्व दीनदयाल शोध संस्थान के प्रधान सचिव निखिल मुंडले ने मुख्यमंत्री सहित मंचासीन सभी अतिथियों को संत तुलसीदास का विग्रह भेंटकर अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतरत्न नाना जी की कर्मस्थली और गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली एवं आदिकवि महर्षि वाल्मीकि लालापुर की पावन धरा को कोटि-कोटि प्रणाम है। प्रभु श्रीराम ने चित्रकूट वनवास के दौरान ऋषि मुनियों के सानिध्य और उस समय भारत की सामाजिक व्यवस्था के आधार स्तंभ कोल, भील, निषाद जनजातियों के बारे में उल्लेख करते हुए शास्त्रों ने बहुत ही मनोरथ तरीके से उनका आदर्श प्रस्तुत करने का कार्य किया है। कहा कि जब चित्रकूट की चर्चा होती है तो ध्यान में आता है कि प्रधानमंत्री ने कहा था सबसे पहले बुंदेलखंड के विकास के लिए कार्य करना है। सबसे पहले जनजाति समाज को सर्व सुविधा उपलब्ध कराने का कार्य करना है। यह सब कर के उनके ऊपर कोई उपकार नहीं किया, वह तो प्रभु श्री राम के वनवास काल के दौरान इन जनजाति समाज और उनके पूर्वजों ने जो किया था उसका परिणाम स्वरुप प्रयास है। कहा कि आज बुंदेलखंड में दलहन, तिलहन, मकई का दायरा बढ़ा है। पहली बार मोदी जी ने व्यापक पैमाने पर देश भर में साइल हेल्थ कार्ड जारी किया। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना शुरू की। बुंदेलखंड जैसे क्षेत्र में अभी लोग तीन-तीन फसलें लेना शुरू किए हैं। नाना जी ने अपने प्रचारक कार्यकाल की शुरुआत गोरखपुर से ही की थी। नाना जी ने गोरखपुर में शिशु मंदिर के रूप में जो बीज रोपा था आज वह विशाल वट वृक्ष बनकर उसकी शाखाएँ देश भर में स्थापित हो चुकी है। जिन लोगों ने वनवास काल के दौरान राम जी का सहयोग किया था अगर उन लोगों के प्रति राग द्वेष रखेंगे तो विकास का मार्ग प्रशस्त नहीं कर पाएंगे। परमानंद आश्रम पद्धति विद्यालय इस बात की ही प्रेरणा देता है। अभी तक यह विद्यालय पांचवी तक संचालित था। अब इसे और अच्छी तरह से पूरी व्यवस्थाओं के साथ दसवीं तक संचालित करेंगे। प्रभु श्री राम ने जिस तरह से दंडकारण्य से लेकर सुदूर पंचवटी तक धनुष उठाकर राक्षसों का संहार किया था उसी तरह चित्रकूट का यह डिफेंस कॉरिडोर भी उसी का परिचायक है। देश की सुरक्षा के लिए मजबूत दीवार खड़ी करेंगे।
उन्होंने कहा कि जब समाज और सरकार मिलकर काम करती है तो साकार परिणाम सामने आते हैं। दीनदयाल शोध संस्थान का यह आयोजन इसका जीता जागता उदाहरण है। इस मौके पर संस्कृति विभाग के सहयोग से भजन मंडली व आदिवासी बालिकाओं ने भजनों एवं तुलसी महिमा व रचनाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए दीनदयाल शोध संस्थान के राष्ट्रीय संगठन सचिव अभय महाजन ने बताया कि राम दर्शन में स्थापित गोस्वामी जी की प्रतिमा के अनुरूप ही हाथ में मोरपंखी लेकर ताम्र पत्र पर लिखते हुए लगभग साढ़े छह फीट की संत तुलसीदास की प्रतिमा स्थापित की गई है।
पौधरोपण करते सीएम योगी आदित्यनाथ।
यह फोटो 31 सीकेटी 10 में है।
पौधरोपण कर हरिशंकरी वाटिका का किया स्थापना
चित्रकूट। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केवीके परिसर में हरिशंकरी वाटिका और नवग्रह वाटिका के वृक्षों का रोपण किया गया। इस दौरान एक पेड़ मां के नाम अंतर्गत मुख्यमंत्री ने पीपल, बरगद, पाकर तीनों वृक्षों का रोपण कर हरिशंकरी वाटिका की स्थापना किया।
कृषि की संकटग्रस्त प्रजातियों की लगी प्रदर्शनी
चित्रकूट। तुलसी कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। जिसमें संकटग्रस्त प्रजातियों के प्रदर्शन के साथ श्री अन्न के मूल्यवर्धित व जैविक कीटनाशकों का प्रदर्शन, मशरूम के मूल्य संवर्धित उत्पाद एवं जन शिक्षण संस्थान, उद्यमिता विद्यापीठ द्वारा आत्मनिर्भर तथा स्वावलम्बी बनाने को संचालित किए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी के साथ प्रशिक्षार्थियों के बनाये गए उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। कृषक उत्पादक संगठन के भी उत्पाद दिखाए गए।
बाजार रहे बंद, सीएम के स्वागत में लोगों ने बरसाए फूल
चित्रकूट। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली राजापुर पहुंचकर तुलसी जन्म कुटीर में गोस्वामी तुलसीदास की विधिविधान से पूजा अर्चना की। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के सख्त इंतजाम रहे। प्रत्येक गली पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षाकर्मी तैनात रहे। पूरा बाजार बंद रहा। लोगों ने मुख्यमंत्री का फूलो से भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक जोन प्रयागराज संजीव गुप्ता, आयुक्त अजीत कुमार, उप पुलिस महानिरीक्षक परिक्षेत्र बाँदा राजेश एस, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर सहित सम्बन्धित अधिकारी, कामदगिरि प्रमुख मंदिर के संत मदन गोपाल दास, दिगम्बर अखाड़ा के महंत दिव्य जीवनदास, निर्मोही अखाड़ा के महंत, सती अनुसूइया आश्रम के मंहत, भरत मिलाप के महंत, गायत्री शक्तिपीठ के राम नारायण त्रिपाठी सहित अन्य संत मौजूद रहे। जिला सहकारी बैंक बाँदा चित्रकूट के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष नरेन्द्र गुप्ता, जिलाध्यक्ष भाजपा महेन्द्र कोटार्य, जिला प्रभारी अनिल यादव, पूर्व सांसद रमेश चन्द्र द्विवेदी, पूर्व राज्यमंत्री चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय आदि मौजूद रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments