श्रीराम मंदिर में ‘शिव महापुराण कथा’ का समापन

देहरादून। श्रावण मास के पवित्र महीने में श्रीराम मंदिर, दीप लोक कॉलोनी में पिछले दस दिनों से चल रही शिव महापुराण कथा का आज धूमधाम से समापन हो गया। इस अवसर पर कथा व्यास आचार्य विजय प्रसाद नौटियाल ने मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना और अन्य अतिथियों को पटका व तुलसी की माला पहनाकर सम्मानित किया।
आचार्य नौटियाल ने धस्माना की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे राजनीति में सक्रिय होते हुए भी धर्मपरायण हैं और हर किसी के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि एक धर्मनिरपेक्ष नेता होने के बावजूद, धस्माना जब धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेते हैं तो एक प्रकांड विद्वान की तरह नजर आते हैं। आचार्य ने उन्हें दीर्घायु और सफल होने का आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर, सूर्यकांत धस्माना ने श्रद्धालुओं को कथा के सफल आयोजन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि 18 पुराणों में शिव महापुराण का विशेष महत्व है, जो भगवान शिव की महिमा, लीलाओं और उनके जगत के पालक व संहारकर्ता स्वरूपों का वर्णन करता है। उन्होंने बताया कि शिव महापुराण में कलियुग के प्रभावों का भी विस्तार से वर्णन किया गया है।धस्माना ने कहा कि भगवान शिव इतने भोले हैं कि वे केवल निर्मल जल के अभिषेक से ही प्रसन्न हो जाते हैं, इसीलिए उन्हें ‘भोलेनाथ’ कहा जाता है।
इस मौके पर अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा के मनमोहन शर्मा, गीता भवन के आचार्य भगवती प्रसाद थपलियाल, मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार गुप्ता और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। कथा के विश्राम के बाद आरती और भोग लगाकर सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments