दून पुलिस का नशा तस्करों और मोबाइल स्नेचरों पर शिकंजा, तीन अलग-अलग कार्रवाई में 7 गिरफ्तार

देहरादून । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस ने नशा तस्करी और मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन महिला समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये कीमत की स्मैक, गांजा, छीने गए मोबाइल फोन, खुखरी तथा घटनाओं में प्रयुक्त वाहन बरामद किए हैं।

सहसपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान कुरैशी मोहल्ला गली से 49 वर्षीय जैतून को 10.79 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 3.20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुकी है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।

इसी क्रम में विकासनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हाईवे से कुंजा ग्रांट जाने वाली सड़क के पास आम के बगीचे से 35 वर्षीय आशिक अली को 6 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने बरामद स्मैक की कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

वहीं पटेलनगर पुलिस ने सब्जी मंडी स्थित सुलभ शौचालय के पास पेड़ के नीचे से 19 वर्षीय सिमरन को 3 किलो 12 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक महिला का पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जाना सामने आया है। इस मामले में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। तीनों कार्रवाई में पुलिस ने कुल 16.79 ग्राम स्मैक और 3 किलो 12 ग्राम गांजा बरामद किया है।

दूसरी ओर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मोबाइल स्नेचिंग करने वाले कथित ‘ऑटो गैंग’ के दो सदस्यों अभिषेक यादव (23) और सुनील उर्फ चक्की (22) को रूप नगर रेलवे पटरी के पास खाली मैदान से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दोनों के कब्जे से अलग-अलग घटनाओं में छीने गए दो स्मार्टफोन और एक धारदार खुखरी बरामद हुई। घटना में इस्तेमाल ऑटो को भी सीज कर दिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर आनंदग्राम और रिस्पना पुल के पास नशे के आदी लोगों को खुखरी दिखाकर मोबाइल और रुपये छीनने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार दोनों खुद भी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए स्नेचिंग करते थे।

इसी तरह पटेलनगर पुलिस ने ग्रास फार्म आईएसबीटी के पास हुई मोबाइल स्नेचिंग की घटना का खुलासा करते हुए रिहान (18) और सलमान (19) को गिरफ्तार किया। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने मोटरसाइकिल से महिला का मोबाइल छीना था। सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने दोनों को चंद्रबनी चौक के पास आर्मी ग्राउंड से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में दोनों ने नशे की लत और अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए स्नेचिंग करने की बात बताई।

इस तरह दून पुलिस की इन कार्रवाइयों में नशा तस्करी और मोबाइल स्नेचिंग से जुड़े कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments