देहरादून। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद के धराली और सूखी गांवों में बादल फटने से हुई भीषण तबाही ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस प्राकृतिक आपदा में कई लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अब भी लापता बताए जा रहे हैं। जान-माल की भारी क्षति और हालात की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने संवेदनाओं के साथ-साथ तुरंत राहत कार्यों में सक्रियता भी दिखाई है।
राहुल गांधी का ट्वीट:
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक बताते हुए शोक जताया। उन्होंने कहा,
“उत्तराखंड के धराली में बादल फटने से आई भारी तबाही के कारण कई लोगों की मौत और कई अन्य के लापता होने की खबर बेहद दुखद और चिंताजनक है।
मैं प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और लापता लोगों के जल्द से जल्द मिलने की आशा करता हूं।
प्रशासन से अपील है कि राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाएं। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि राहत कार्यों में प्रशासन का सहयोग और ज़रूरतमंदों की हर संभव मदद करें।”

प्रियंका गांधी वाड्रा का शोक संदेश:
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी इस त्रासदी पर गहरी संवेदना जताते हुए लिखा,
“उत्तरकाशी, उत्तराखंड में बादल फटने की घटना में कुछ लोगों की मृत्यु और बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने का समाचार सुनकर मन को अत्यंत दुख पहुंचा।
ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। लापता लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करती हूं।
राज्य सरकार से अपील है कि पीड़ितों को तत्काल मदद, राहत व मुआवजा मुहैया कराया जाए। कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं से आग्रह करती हूं कि राहत व बचाव कार्यों में यथासंभव मदद करें।”

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का एक्शन: धराली भेजी गई टीम
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी तत्काल हरकत में आते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की एक टीम को धराली और प्रभावित क्षेत्रों में भेजने का निर्णय लिया है। प्रदेश अध्यक्ष श्री करण माहरा के निर्देश पर यह टीम मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लेगी और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर राहत कार्यों में सक्रिय सहयोग करेगी।
सूर्यकान्त धस्माना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार,
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री घनानंद नौटियाल, जिला अध्यक्ष उत्तरकाशी श्री मनीष राणा, अनुसूचित जाति विभाग के पूर्व अध्यक्ष दर्शन लाल तथा पूर्व नगर अध्यक्ष दिनेश गौड़ शामिल हैं। यह टीम प्रभावितों से मिलकर स्थिति का जायजा लेगी और कांग्रेस नेतृत्व को रिपोर्ट सौंपेगी।

कुमारी सैलजा का वक्तव्य: केंद्र और राज्य सरकार से ठोस रणनीति की मांग
उत्तराखंड की प्रभारी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा ने भी इस आपदा पर दुख व्यक्त करते हुए कहा,
“उत्तरकाशी जिले के धराली और सूखी गांव में बादल फटने और हर्षिल में सेना के कैम्प को नुक़सान और झील बनने की घटना अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है।
इस प्राकृतिक आपदा में जानमाल की भारी क्षति की खबरें अत्यंत चिंताजनक हैं। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।”
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से राहत कार्यों में तेजी लाने, तत्काल मुआवजा देने और भविष्य में इस तरह की आपदाओं से निपटने के लिए ठोस रणनीति बनाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस की स्थानीय इकाइयों को राहत और बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

उत्तरकाशी की यह भीषण आपदा न केवल प्राकृतिक त्रासदी है बल्कि शासन-प्रशासन की तत्परता की भी अग्निपरीक्षा है। कांग्रेस पार्टी ने शीर्ष स्तर से लेकर ज़मीनी स्तर तक जिस संवेदनशीलता और सक्रियता का परिचय दिया है, वह राहत प्रयासों में एक सकारात्मक सहयोग सिद्ध हो सकता है। अब आवश्यकता है कि राजनीतिक इच्छाशक्ति के साथ प्रशासनिक मशीनरी भी पूरी गति से काम करे ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र सहायता और राहत मिल सके।
कांग्रेस ने शोकसभा कर दिवंगतों को दी श्रद्धांजलि, घायलों के लिए की प्रार्थना
उत्तरकाशी आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए आज कांग्रेस पार्टी मुख्यालय, राजीव भवन (देहरादून) में शोकसभा आयोजित की गई।
सभा की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने की। इस दौरान प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, दिनेश कौशल, आनंद जगूड़ी, गिरिराज किशोर हिंदवान, विकास भारद्वाज, संदीप धूलिया सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
सभी ने मौन रखकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पार्टी ने राहत कार्यों में सहयोग देने का संकल्प दोहराया।


Recent Comments