देहरादून । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर, उत्तरकाशी के धराली में फंसे 112 लोगों को भारतीय वायुसेना के चिनूक और एमआई-17 हेलीकॉप्टरों से सुरक्षित देहरादून लाया गया है। इन सभी यात्रियों को देहरादून एयरपोर्ट पर उतारा गया, जहाँ जिला प्रशासन की एक टीम उनकी मदद के लिए मुस्तैद थी।

यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम
एयरपोर्ट पर उतरने के बाद, सभी यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें जरूरी उपचार व मुफ्त दवाएं दी गईं। इसके बाद, उन्हें जलपान कराया गया और विशेष वाहनों से देहरादून के आईएसबीटी (अंतर्राज्यीय बस अड्डा) और ऋषिकेश भेजा गया, ताकि वे अपने-अपने गंतव्य तक पहुँच सकें। यात्रियों ने इस मदद के लिए उत्तराखंड सरकार का आभार व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
जिलाधिकारी सविन बंसल ने खुद देहरादून एयरपोर्ट पहुँचकर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़े नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह से सक्रिय रखी जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी यात्री को कोई असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने यात्रियों से मिलकर उन्हें सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।
इस दौरान एसएसपी अजय सिंह, सीडीओ अभिनव शाह, एसपी ऋषिकेश जया बलोनी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।



Recent Comments