
देहरादून: उत्तरकाशी के धराली में आई प्राकृतिक आपदा को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। एक फेसबुक पोस्ट का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिन पर समाज में घृणा और वैमनस्यता फैलाने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, अली सोहराब नाम के एक व्यक्ति ने धराली में बादल फटने से हुई त्रासदी की तस्वीरों को फेसबुक पर अपलोड किया था। उसने इन तस्वीरों के साथ आपत्तिजनक टिप्पणी भी लिखी, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। इसके बाद, दानिश मलिक और अहमद अंसारी समेत कुछ अन्य लोगों ने भी इस पोस्ट पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
इस पोस्ट के वायरल होते ही देहरादून के एसएसपी ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। उप-निरीक्षक विक्की टम्टा की तहरीर पर कोतवाली नगर में अली सोहराब, दानिश मलिक, अहमद अंसारी और अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 और 353 (2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा है कि ऐसे संवेदनशील समय में इस तरह की पोस्ट सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ सकती हैं।

Recent Comments