
लखनऊ ,07 अगस्त (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश पुलिस ने गुरुवार को मात्र तीन घंटे के भीतर तीन एनकाउंटर में तीन कुख्यात अपराधियों को ढेर कर दिया। इनमें एक झारखंड का कुख्यात अपराधी आशीष रंजन उर्फ छोटू सिंह शामिल है, जबकि सीतापुर में पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी हत्याकांड में वांछित दो शूटर भी पुलिस मुठभेड़ में मारे गए।
पहली मुठभेड़ प्रयागराज जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में हुई। झारखंड के धनबाद निवासी कुख्यात अपराधी आशीष रंजन उर्फ छोटू सिंह की मौजूदगी की सूचना मिलने पर एसटीएफ प्रयागराज की टीम ने शिवराजपुर चौराहे के पास घेराबंदी की।
एसटीएफ के ललकारने पर छोटू सिंह ने ्र्य-47 और 9 एमएम पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हुआ। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से एक ्र्य-47, 9 एमएम पिस्तौल, भारी मात्रा में कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। मुठभेड़ में एसटीएफ के तीन जवान बाल-बाल बचे।
दूसरी बड़ी कार्रवाई सीतापुर जिले के पिसावां थाना क्षेत्र में हुई। हरदोई-सीतापुर सीमा पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी की हत्या में शामिल दोनों शूटरों को ढेर कर दिया गया।
गौरतलब है कि आठ मार्च को हेमपुर ओवरब्रिज पर पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पहले ही दो आरोपियों—कारदेव मंदिर के बाबा सहित—को जेल भेजा जा चुका है, जबकि दोनों शूटर फरार चल रहे थे। इन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस की टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी थीं।

Recent Comments