
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो ‘त्रिकालदर्शी’ शिवभक्त का ढोंग रचकर महिलाओं और नाबालिग बच्चियों को अपना निशाना बनाता था। आरोपी दीपक सैनी (40), ज्वालापुर का रहने वाला है, जो एक बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने भगवान शिव का वेश धारण कर चंडीघाट क्षेत्र में घूमना शुरू कर दिया था।
पुलिस को इस बात की सूचना मिली और संयुक्त टीम ने नाटकीय ढंग से उसे दबोच लिया। आरोपी पुलिस को देखकर अजीब व्यवहार करने लगा था, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। पूछताछ में दीपक ने अपना अपराध कबूल किया और बताया कि वह मासूमों को ‘आशीर्वाद’ और ‘प्रसाद’ का लालच देकर उनकी मनोकामना पूरी करने का झूठा झांसा देता था।
दीपक का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है। उस पर अपनी पत्नी के साथ मारपीट, दहेज उत्पीड़न, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने, बलवा और शांति भंग करने जैसे कई गंभीर आरोप हैं। उसके खिलाफ ज्वालापुर और सहारनपुर के पुलिस थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
इस गिरफ्तारी में कोतवाली ज्वालापुर, श्यामपुर थाना और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है और अब उसकी अन्य संभावित पीड़िताओं की तलाश कर रही है।

Recent Comments