उत्तराखंड को योग एवं अध्यात्म की वैश्विक राजधानी बनाने के लिए प्रतिबद्ध – मुख्यमंत्री धामी

देहरादून में योगा पार्क का लोकार्पण, ‘निगम सारथी’ चैटबॉट लॉन्च

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नगर निगम देहरादून के अंतर्गत केदारपुरम में योगा पार्क एवं अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने एआई आधारित चैटबॉट ‘निगम सारथी’ का शुभारंभ किया और हरित नीति के दस्तावेज का अनावरण भी किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत रूद्राक्ष का पौधा रोपा, जो नगर निगम क्षेत्र में इस वर्ष रोपा गया एक लाखवां पौधा था।

मुख्यमंत्री ने स्वच्छता सम्मान सेनानियों और कर निरीक्षकों को सम्मानित किया तथा नशा मुक्त भारत अभियान की पांचवीं वर्षगांठ पर उपस्थित जनसमूह को सामूहिक नशा मुक्ति शपथ भी दिलाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारपुरम में निर्मित आधुनिक योगा पार्क राजधानी देहरादून में स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक गतिविधियों को एक साथ जोड़ने का प्रयास है। यह पार्क आने वाले समय में शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने के साथ-साथ योग, फिटनेस और सामुदायिक सहभागिता का प्रमुख स्थल होगा।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग एवं अध्यात्म की वैश्विक राजधानी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर देश की पहली योग नीति लागू की गई है। साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन की स्थापना की जा रही है, जिससे आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, योग और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने नशा मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” का सपना तभी साकार होगा जब युवा स्वयं नशे को “ना” कहें और दूसरों को भी प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त चार हजार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 203 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की नशीली सामग्री जब्त की गई है। सरकार “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत ड्रग्स के कारोबार पर कठोर कार्रवाई कर रही है।

कार्यक्रम में मेयर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। राज्यसभा सांसद कल्पना सेनी ने उत्तरकाशी के धराली में आई आपदा के पीड़ितों के पुनर्वास हेतु एक माह का वेतन और सांसद निधि से एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

विकास कार्यों का विवरण:

🔹 शिलान्यास:

  • गांधी पार्क का विकास एवं सौंदर्यकरण – ₹164.33 लाख
  • नगर निगम टाउन हॉल का जीर्णोद्धार एवं एफआरपी कार्य – ₹232.50 लाख

🔹 लोकार्पण:

  • वार्ड 33 यमुना कॉलोनी में पार्क निर्माण – ₹139.49 लाख
  • वार्ड 88 हरबाजवाला में मछली तालाब का रखरखाव, वनीकरण एवं वाकिंग ट्रैक – ₹170.32 लाख
  • वार्ड 58 डिफेंस कॉलोनी केदारपुरम में योगा पार्क एवं अन्य विकास कार्य – ₹437.07 लाख

कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सचिव श्रीधर बाबू अदांकी, नगर आयुक्त नमामि बंसल, पार्षदगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments