भारत ने अगर सिंधु नदी पर डैम बनाया तो होगी जंग आसिम मुनीर के बाद अब बिलावल भुट्टो ने दी धमकी

इस्लामाबाद ,12 अगस्त। पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो ज़रदारी ने भारत को चेतावनी दी है कि अगर सिंधु नदी पर बांध बनाया गया या सिंधु जल संधि में कोई बदलाव हुआ, तो यह भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध का कारण बन सकता है। उनका यह बयान पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की भारत को दी गई परमाणु धमकी के एक दिन बाद सामने आया है।
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। केंद्र सरकार ने 1960 की सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया था। गृह मंत्री अमित शाह ने साफ कर दिया था कि भारत अब इस संधि को कभी बहाल नहीं करेगा। भारत के इस कदम से पाकिस्तान की सरकार और सियासी नेतृत्व में बेचैनी बढ़ गई है।
एक कार्यक्रम के दौरान बिलावल भुट्टो ने कहा कि सिंधु नदी का पानी पाकिस्तान से मोड़ना, विशेष रूप से सिंध प्रांत की संस्कृति, इतिहास और सभ्यता पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की जल नीति आक्रामक है और इससे पाकिस्तान की जल आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
बिलावल ने कहा कि वे विदेश यात्राओं में भी इस मुद्दे को उठाते रहे हैं और यह पाकिस्तान की सुरक्षा के लिए एक गंभीर विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि सिंध के लोग हमेशा सिंधु नदी की रक्षा के लिए आगे आए हैं और यदि भारत ने कोई आक्रामक कदम उठाया, तो पाकिस्तान की जनता युद्ध के लिए भी तैयार है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि युद्ध की स्थिति में पाकिस्तान अपनी सभी छह नदियों पर पुन: अधिकार कर सकता है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments