धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र : जर्जर सड़कों और सीवर की समस्याओं पर महिला कांग्रेस का हल्ला बोल

देहरादून। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की खस्ता हाल सड़कों, टूटी-फूटी नालियों और जगह-जगह ओवरफ्लो हो रहे सीवर की समस्या को लेकर आज उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय पर धावा बोला और कार्यालय का घेराव कर तालाबंदी की।

प्रदर्शन के दौरान ज्योति रौतेला ने कहा कि ब्राह्मणवाला, दून यूनिवर्सिटी मार्ग, बंजारावाला, मथुरावाला, केदारपुर, दीपनगर और आईएसबीटी क्षेत्र की आंतरिक सड़कें पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। इन हालातों ने आम जनता का जीवन खतरे में डाल दिया है। आए दिन दुर्घटनाओं की खबरें मिल रही हैं, जबकि टूटी नालियों और ओवरफ्लो सीवर से जलभराव, गंदगी और बदबू ने स्थानीय बाशिंदों का जीना मुश्किल कर दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक ने इन बुनियादी समस्याओं पर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया। जिन स्थानों पर थोड़े बहुत काम हुए भी हैं, वे भी बेहद घटिया गुणवत्ता के कारण टिक नहीं पाए। रौतेला ने कहा कि यह केवल सरकार की विकासहीनता नहीं बल्कि जनता की सुरक्षा के साथ सीधा खिलवाड़ है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक़्क़तों का सामना करना पड़ रहा है।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने तुरंत ठोस कदम नहीं उठाए तो मजबूरन महिला कांग्रेस को जनहित में उग्र आंदोलन करना पड़ेगा।

उन्होंने विभाग से माँग की कि:
-धर्मपुर विधानसभा की सभी जर्जर सड़कों की जल्द से जल्द मरम्मत हो।
-नालियों की सफाई और पुनर्निर्माण कराया जाए।
-ओवरफ्लो सीवर की स्थायी समस्या का समाधान निकाला जाए।
-नियमित निरीक्षण और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

प्रदर्शन में महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महासचिव पुष्पा पंवार, सुशीला शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष ललित बद्री, नवीन छेत्री, आदर्श, बबलू पंवार, आलोक मेहता, लीला रावत, मोहन गुरुंग, पुनीत चौधरी, शाहिद जमाल अहमद, तेग बहादुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments