मुख्य विकास अधिकारी ने बेटे का टीकाकरण कर पेश की मिसाल

राज्य के पहले सरकारी आधुनिक टीकाकरण केंद्र में बढ़ रही आमजन की भागीदारी

देहरादून, 22 अगस्त। जिला चिकित्सालय में स्थापित उत्तराखंड के पहले सरकारी आधुनिक टीकाकरण केंद्र को जनमानस में लोकप्रियता दिलाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल करते हुए मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने अपने डेढ़ माह के बेटे का टीकाकरण इसी केंद्र में कराकर एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उन्होंने पंजीकरण रजिस्टर का अवलोकन कर प्रतिदिन हो रहे वैक्सीनेशन की जानकारी भी प्राप्त की।

यह केंद्र निःशुल्क टीकाकरण सेवाओं के साथ आधुनिक सुविधाओं से युक्त है, जो कामकाजी अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सप्ताह के सभी दिन प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक खुला रहता है। बच्चों के खेलने की व्यवस्था, निगरानी रूम और सुव्यवस्थित वातावरण इसे विशेष बनाते हैं। प्रतिदिन 40–50 बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा है, जो कभी-कभी इससे अधिक भी होता है।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि बच्चों का समय पर टीकाकरण उनकी सेहत और सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस केंद्र का उद्देश्य टीकाकरण कवरेज को शत-प्रतिशत तक पहुँचाना और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे बिना किसी संकोच के अपने बच्चों को निर्धारित समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिलाधिकारी की पहल पर स्थापित यह केंद्र राज्य में स्वास्थ्य सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो सरकारी प्रयासों की गुणवत्ता और संवेदनशीलता को दर्शाता है।

इस पहल से न केवल जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि अधिक से अधिक लोग इस आधुनिक टीकाकरण केंद्र से लाभान्वित होंगे। जिला प्रशासन द्वारा उठाया गया यह कदम बच्चों के स्वास्थ्य और समाज की सुरक्षा की दिशा में एक सशक्त प्रयास है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments