पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से मोस्टामानू महोत्सव में हिस्सा लिया। इस अवसर पर पिथौरागढ़ जनपद में 62 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 15 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इनमें स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और पर्यटन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मोस्टामानू मेला हमारी आस्था, विश्वास और समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है। यह न केवल धार्मिक आयोजन है, बल्कि ग्रामीण जीवन, कृषि और पशुपालन की विशिष्टताओं को दर्शाता है। ऐसे आयोजन हमारी परंपराओं को अगली पीढ़ियों तक पहुंचाने में सहायक हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। उत्तराखंड में केदारखंड की तर्ज पर मानसखंड के पौराणिक मंदिरों का पुनरुत्थान और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। मोस्टामानू मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 1 करोड़ रुपये और गंगोलीहाट में हाट कालिका मंदिर के लिए 6 करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराए जा रहे हैं। इसके अलावा, 43 करोड़ रुपये से बजेटी शनि मंदिर, हनुमान मंदिर और लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास आधुनिक पार्किंग स्थल बनाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज का निर्माण, 21 करोड़ रुपये से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक, और 25 करोड़ रुपये से अस्कोट, गंगोलीहाट और धारचूला में नए बस स्टेशन और रोडवेज वर्कशॉप का निर्माण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 327 करोड़ रुपये से सड़कों का निर्माण भी जारी है। पिथौरागढ़ को हल्द्वानी, देहरादून और दिल्ली से हवाई सेवा से जोड़ा गया है, और 450 करोड़ रुपये से नैनीसैनी हवाई अड्डे को आधुनिक बनाया जाएगा।

उन्होंने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि मेले में स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, किसानों और महिला समूहों के उत्पादों के स्टॉल लगे हैं। उन्होंने “स्वदेशी अपनाओ, देश को मजबूत बनाओ” का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ के लिए कई घोषणाएं कीं, जिनमें विकासखंड बिण के ग्रामसभा देवत पुरचौड़ा में भूस्खलन रोकने के लिए ट्रीटमेंट, नैनीसैनी-देवत पुरचौड़ा-कुम्डार से कनारी मोटर मार्ग में सुरक्षात्मक कार्य, चंडाक में ईको पार्क और स्मृति वन, मोस्टामानू मंदिर का सौंदर्यीकरण, घण्टाकर्ण से चंडाक तक सड़क की डबल कटिंग, हलपाटी से मोस्टामानू तक सड़क निर्माण, और नैनीसैनी एयरपोर्ट के पास सिटी गार्डन का निर्माण शामिल है।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोरा, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मेयर नगर निगम कल्पना देवलाल, डीएफओ आशुतोष सिंह, मेला समिति अध्यक्ष वीरेंद्र बोरा सहित कई पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Recent Comments