देहरादून। उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोग कार्यालय में विभिन्न जिलों से आए 10 शिकायती प्रकरणों की सुनवाई की गई। शिकायतकर्ताओं में देहरादून, हरिद्वार और उधमसिंहनगर के नागरिक शामिल थे।
सुनवाई के दौरान आयोग ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। देहरादून निवासी श्री सरोज कुमार के सामान वापसी मामले में पुलिस प्रतिनिधि को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं हरिद्वार की माया देवी के ज्येष्ठता निर्धारण प्रकरण में कृषि निदेशक की अनुपस्थिति पर आयोग ने नाराजगी जताई और दूरभाष पर वार्ता कर तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
उधमसिंहनगर के सतबीर सिंह, हेतराम और कुलबीर सिंह के मामलों में विभागीय रिपोर्टें प्रस्तुत की गईं और आवश्यक निर्देश दिए गए। मुस्ताक आलम के जीपीएफ लाभ से जुड़े प्रकरण में तीन विभागों को सुनवाई में बुलाया गया और शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। रोहित शाक्य के बकाया भुगतान मामले में पुलिस विभाग को तत्काल धन वापसी सुनिश्चित करने को कहा गया।
इस अवसर पर आयोग के सचिव गोरधन सिंह सहित सभी माननीय सदस्य एवं आयोग के कार्मिक उपस्थित रहे।

Recent Comments