देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से आज राजभवन में कारगिल युद्ध के वीर और परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव ने शिष्टाचार भेंट की।
राज्यपाल ने कैप्टन यादव का स्वागत करते हुए उनके अद्वितीय शौर्य, पराक्रम और अदम्य साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में टाइगर हिल की ऐतिहासिक लड़ाई में कैप्टन यादव ने असाधारण बहादुरी का परिचय देकर पूरे राष्ट्र को गौरवान्वित किया।
राज्यपाल ने कहा कि परमवीर चक्र विजेता हमारे लिए जीवंत प्रेरणा हैं। उनकी शौर्यगाथा आने वाली पीढ़ियों को सदैव देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और साहस का संदेश देती रहेगी। उन्होंने युवाओं से कैप्टन यादव के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान करने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव जैसे वीर सपूतों को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताया और कहा कि उनका योगदान सदैव अमर रहेगा।

Recent Comments