
प्रयागराज ,03 सितंबर (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष और कुंडा के पूर्व चेयरमैन गुलशन यादव की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। लंबे समय से फरार चल रहे गुलशन यादव पर अब प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (्रष्ठत्र) ने इनाम की राशि 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी है। गुलशन यादव पर हत्या के प्रयास, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट जैसे 53 संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मानिकपुर थाना क्षेत्र के मऊदारा गांव निवासी गुलशन यादव पर 53 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है, जिसके तहत जिला मजिस्ट्रेट ने उसकी संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश दिया था। इसी मामले में वह काफी दिनों से फरार चल रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अब तक सफलता हाथ नहीं लगी है।
पहले गुलशन यादव की गिरफ्तारी के लिए आईजी प्रयागराज ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लेकिन उसकी गिरफ्तारी न हो पाने के कारण सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक, प्रयागराज जोन, संजीव गुप्ता ने इस राशि को दोगुना करते हुए एक लाख रुपये कर दिया। कुंडा कोतवाल अवन कुमार दीक्षित ने पुष्टि करते हुए बताया कि एडीजी जोन द्वारा गुलशन यादव की गिरफ्तारी पर अब एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
गौरतलब है कि गुलशन यादव तब सुर्खियों में आया था जब उसने कुंडा विधानसभा सीट से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, हालांकि उसे हार का सामना करना पड़ा था।

Recent Comments