अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला, कहा—2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी, मिलेगा सबको न्याय और सम्मान

लखनऊ , 03 सितंबर (आरएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश से सामाजिक न्याय की स्थापना और अन्याय मिटाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना बेहद जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाया जाता है और संविधान के साथ लगातार खिलवाड़ हो रहा है।प्रदेश मुख्यालय पर विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को चरम पर पहुंचा दिया है। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। अस्पतालों में दवा और इलाज की सुविधा नहीं है, एम्बुलेंस सेवाएं ठप पड़ी हैं। प्रशासन का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है।उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के तीसरे कार्यकाल में देश की जनता को परेशानी और तबाही के अलावा कुछ नहीं मिला। नोटबंदी का परिणाम आज तक सामने नहीं आया। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में विकास क्यों नहीं हुआ? वहां आई बाढ़ की भयावह तस्वीरों को सबने देखा। भाजपा ने झूठे सपने दिखाकर जनता को विनाश के कगार पर पहुंचा दिया है।अखिलेश यादव ने भाजपा को इस्तेमाल करने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि यह लोगों का इस्तेमाल कर उन्हें बर्बाद कर देती है। जीएसटी को इतना जटिल बना दिया गया कि व्यापार और व्यापारी उलझकर रह गए। उन्होंने कहा कि व्यापार करना आसान होना चाहिए, टैक्स की प्रक्रिया सरल होनी चाहिए लेकिन भाजपा ने इसे उलझाकर रख दिया। भाजपा सरकार के पास बेरोजगारी और महंगाई का कोई समाधान नहीं है। आउटसोर्सिंग से बेरोजगारी का स्थायी हल नहीं होगा।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने नौ साल के कार्यकाल में एक भी यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं बढ़ाया, कोई नया बिजली कारखाना नहीं लगाया। जनता का भाजपा पर से भरोसा उठ चुका है। समाजवादी पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों पर ही जनता का विश्वास कायम है। सपा सरकार में किसानों, नौजवानों और सभी वर्गों के हित में फैसले लिए गए, विकास के अनेक कार्य हुए।अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में सामाजिक न्याय का राज स्थापित होगा। हर वर्ग को न्याय और सम्मान मिलेगा, सबका विकास होगा और प्रदेश में खुशहाली आएगी। उन्होंने कहा कि 2027 में भाजपा सरकार को कोई नहीं बचा पाएगा।इस अवसर पर नेता विरोधी दल माता प्रसाद पांडेय, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. बी. पांडेय, पूर्व मंत्री नरेंद्र वर्मा, विजमा यादव, अताउर्रहमान, कमला कांत राजभर, शोएब अंसारी, पूर्व मंत्री शेख सुलेमान और सलामतुल्ला समेत बड़ी संख्या में विधायक, नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments