एनटीएच ने उद्योग में सबसे कम ₹4.2 लाख की फीस पर ड्रोन प्रमाणन की पेशकश की
ड्रोन नवाचार को बढ़ावा: एनटीएच ने किफायती, विश्वसनीय प्रमाणन के साथ भारतीय निर्माताओं को सशक्त बनाया
दिल्ली। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी 10 सितंबर, 2025 को नई दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय परीक्षण शाला (एनटीएच), गाजियाबाद द्वारा अनुशंसित डीजीसीए-अनुमोदित ड्रोन प्रकार प्रमाणपत्र औपचारिक रूप से प्रदान करेंगे ।
मानवरहित विमान प्रणालियों (यूएएस) के लिए प्रमाणन योजना के एक भाग के रूप में, एनटीएच (एनआर), गाजियाबाद को भारतीय गुणवत्ता परिषद (क्यूसीआई) द्वारा ड्रोन के प्रकार प्रमाणन हेतु एक प्रमाणन निकाय के रूप में अनंतिम रूप से अनुमोदित किया गया है। यह उपलब्धि ड्रोन नियम 2021 के तहत भारत सरकार के एक मजबूत, सुरक्षित और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी ड्रोन पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
इस ज़िम्मेदारी को निभाते हुए, एनटीएच (एनआर) ने भारतीय ड्रोन निर्माताओं के 50 से ज़्यादा आवेदनों पर उनके मॉडलों के प्रकार प्रमाणन के लिए कार्रवाई की है। एक कठोर और पारदर्शी मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद, एनटीएच द्वारा अनुशंसित दो ड्रोन मॉडलों को डीजीसीए से प्रकार प्रमाणन प्राप्त हुआ है, जो भारत के ड्रोन उद्योग में सुरक्षा, विश्वसनीयता और गुणवत्ता के मानकों को मज़बूत करने के लिए संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
नेशनल टेस्ट हाउस, उद्योग जगत में सबसे कम, ₹4.2 लाख के बेहद प्रतिस्पर्धी शुल्क पर ड्रोन प्रमाणन सेवाएँ प्रदान कर रहा है। यह किफायती व्यवस्था, भारत के ड्रोन क्षेत्र में नवाचार और विकास को बढ़ावा देने के लिए एनटीएच की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। एक विश्वसनीय सरकारी संस्था से प्रमाणन प्रदान करके, एनटीएच भारतीय ड्रोन निर्माताओं को घरेलू और वैश्विक स्तर पर अपने उत्पादों का अधिक आत्मविश्वास के साथ विपणन करने में भी मदद कर रहा है।
1912 में स्थापित, एनटीएच के पास इंजीनियरिंग, वस्त्र, विद्युत और खाद्य विज्ञान सहित विविध क्षेत्रों में परीक्षण, अंशांकन और गुणवत्ता मूल्यांकन सेवाओं के माध्यम से भारत के औद्योगिक विकास को आगे बढ़ाने की एक समृद्ध विरासत है। ड्रोन प्रमाणन में अपने विस्तार के साथ, एनटीएच न केवल अपने मौजूदा पोर्टफोलियो को बढ़ाता है, बल्कि “मेक इन इंडिया” और “आत्मनिर्भर भारत” जैसी सरकार की प्रमुख पहलों में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।
एनटीएच राष्ट्र को अपनी 114 वर्ष की सेवा का जश्न मना रहा है, गुणवत्ता, सुरक्षा और नवाचार के प्रति इसकी प्रतिबद्धता पहले से कहीं अधिक मजबूत है, जिससे यह संस्थान भारत के उभरते प्रौद्योगिकी परिदृश्य में अग्रणी स्थान पर है।

Recent Comments