आदि कैलाश मैराथन प्रोमो रन का मुख्यमंत्री ने किया फ्लैग ऑफ

राज्य स्थापना की रजत जयंती पर गूंजी से होगा आयोजन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास से 2 नवंबर 2025 को प्रस्तावित आदि कैलाश परिक्रमा रन (अल्ट्रा मैराथन) के प्रोमो रन को फ्लैग ऑफ किया और इसके लोगो का अनावरण किया। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह मैराथन गूंजी गांव से आयोजित की जाएगी। आयोजन का उद्देश्य साहसिक और शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देना, युवाओं को स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करना और नशा मुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करना है। यह अल्ट्रा मैराथन 10,300 से 15,000 फीट की ऊंचाई पर आयोजित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास, पलायन की समस्या के समाधान, स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने और पर्यटन इन्फ्रास्ट्रक्चर को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह द्वारा सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए शुरू की गई वाईब्रेंट विलेज योजना को भी यह मैराथन मजबूती प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि यह मैराथन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सीमावर्ती लोगों को सम्मान, स्थानीय पहचान और पर्यटन क्षेत्र में स्थायी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम है। आयोजन से राज्य की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

रविवार को आयोजित प्रोमो रन में प्रदेशभर के बच्चों, युवाओं और विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मैराथन का समापन उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद कार्यालय में हुआ।

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि 10 किलोमीटर की इस दौड़ प्रतियोगिता के शीर्ष तीन विजेताओं को 2 नवंबर को गुंजी, पिथौरागढ़ में आयोजित होने वाली आदि कैलाश मैराथन में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस आयोजन की पांच श्रेणियां होंगी – 60 किमी (अल्ट्रा रन), 42 किमी (फुल मैराथन), 21 किमी (हाफ मैराथन), 10 किमी रन और 5 किमी रन – जिनमें देशभर के एथलीट भाग लेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि इस मैराथन के सफल आयोजन के बाद जून 2026 में अगली मैराथन माणा-नीति क्षेत्र में प्रस्तावित है। व्यास और नीति घाटी में आयोजित होने वाली मैराथन में विजेताओं के लिए कुल ₹50 लाख की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आईजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, अपर सचिव पर्यटन अभिषेक रूहेला, पूजा गर्ब्याल और प्रतिभागी उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments