3,136 कार्ड व 14,228 यूनिट्स अपात्र पाए गए
पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी गढ़वाल स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर जनपद भर में संचालित डोर-टू-डोर राशनकार्ड सत्यापन अभियान में कुल 3,136 राशनकार्ड और 14,228 यूनिट्स मानकों के अनुसार अपात्र पाए गए हैं। जिला प्रशासन ने इन अपात्र खातों के निरस्तीकरण की प्रक्रिया तुरंत आरंभ कर दी है ताकि सीमित संसाधन केवल वास्तविक और योग्य लाभार्थियों तक ही पहुँचे।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण वर्मा ने बताया कि योजना-वार जांच में अन्त्योदय अन्न योजना के तहत 199 कार्ड व 883 यूनिट, प्राथमिक परिवार योजना में 1,259 कार्ड व 6,604 यूनिट तथा राज्य खाद्य योजना में 1,678 कार्ड व 6,741 यूनिट अपात्र पाए गए। उन्होंने कहा कि सत्यापन पारदर्शिता के साथ डोर-टू-डोर सर्वे के माध्यम से किया गया और अब अपात्र खातों के निरस्तीकरण के बाद खाली हुए यूनिट्स उन वास्तविक पात्र परिवारों को आवंटित किए जाएंगे, जिन्हें इस सहायता की आवश्यकता है।


जिला प्रशासन ने कहा है कि सरकारी खाद्य योजनाओं का लाभ केवल अतिवंचित तथा जरूरतमंद परिवारों तक पहुँचाना प्राथमिकता है, इसलिए अपात्रों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने लोक शिकायतों और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर अभियान को निरंतर जारी रखने तथा समय-समय पर सार्वजनिक अवलोकन के माध्यम से योजनाओं की दक्षता सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि किसी के पास सत्यापन या पात्रता से संबंधित जानकारी हो तो जिला पूर्ति कार्यालय से संपर्क कर सहयोग प्रदान करें।



Recent Comments