लोक भवन में स्वतंत्रता दिवस पर ‘देवभूमि संवाद’ का विमोचन, चिकित्सा एवं सैन्य क्षेत्र की 5 हस्तियां सम्मानित

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोक भवन देहरादून में आयोजित स्वल्पाहार कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने लोक भवन उत्तराखण्ड की अर्द्धवार्षिक पत्रिका ‘देवभूमि संवाद’ का विमोचन किया।

लोक भवन सूचना परिसर द्वारा प्रकाशित पत्रिका में राज्यपाल के विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और गतिविधियों को संकलित किया गया है। कार्यक्रम में डॉ. शालिनी बहुगुणा, प्रो. (डॉ.) अरुण कुमार और सुश्री रिया कैंतुरा द्वारा लिखित पुस्तक ‘द गवर्नरः फ्रॉम कांस्टीट्यूशनल गार्जियन टू डेवलपमेंट इनेबलर’ का भी विमोचन किया गया। पुस्तक राज्यपाल पद की संवैधानिक जिम्मेदारियों के साथ विकास एवं लोकसेवा में उसकी बहुआयामी भूमिका पर केंद्रित है।

इस अवसर पर चिकित्सा एवं सैन्य सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पांच विशिष्ट अधिकारियों एवं चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में मैक्स हॉस्पिटल देहरादून के कार्डियोलॉजी निदेशक डॉ. योगेन्द्र सिंह, आर्मी रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल दिल्ली के सीनियर एडवाइजर कर्नल विकास मारवाह, उत्तराखण्ड सब एरिया के कर्नल आदित्य श्रीवास्तव, नैनीताल के बद्री दत्त पांडे राजकीय जिला अस्पताल के कंसल्टेंट कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुधांशु सिंह तथा मिलिट्री अस्पताल देहरादून के कमाण्डेंट ब्रिगेडियर प्रफुल्ल मोहन शामिल रहे।

असम रेजिमेंट केंद्र एवं मुख्यालय उत्तराखण्ड सब एरिया को भी सराहनीय सेवाओं के लिए राज्यपाल प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सांसद, विधायक, गणमान्य नागरिक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments