143 मकान मालिकों पर 14.30 लाख का जुर्माना
देहरादून। शहर में कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से *दून पुलिस* का किरायेदार सत्यापन अभियान लगातार जारी है। रविवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने **825 लोगों का सत्यापन** किया। इस दौरान जिन मकान मालिकों ने किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया था, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सत्यापन अभियान के दौरान देहरादून के शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में किरायेदारों एवं बाहरी व्यक्तियों की जांच की गई। *सहसपुर क्षेत्र* के *रामपुर, शंकरपुर, सिहनीवाला, धर्मावाला* के अलावा *कोतवाली पटेलनगर* क्षेत्र के *ब्रह्मपुरी, ब्राह्मणवाला, चमनपुरी* और *कोतवाली नगर* क्षेत्र के *लक्ष्मण चौक, गांधीग्राम और छबीलबाग* इलाकों में व्यापक अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने **83 पुलिस एक्ट** के अंतर्गत **143 मकान मालिकों के चालान** किए और उन पर कुल **14 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना** लगाया गया। वहीं, **40 संदिग्ध व्यक्तियों** को थाने पर लाकर पूछताछ की गई। इनमें से कई मामलों में उचित दस्तावेज न मिलने पर **81 पुलिस एक्ट** के तहत कार्यवाही करते हुए **10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।**
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे सत्यापन अभियान नियमित रूप से चलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि बाहरी व्यक्तियों से जुड़े अपराधों पर लगाम लगाई जा सके और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम की जा सके।

दून पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दिया है कि सुरक्षा के प्रति लापरवाह मकान मालिकों पर अब कोई रियायत नहीं मिलेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन शीघ्र कराएं, ताकि शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

Recent Comments