कोटद्वार। आगामी त्योहारी सीजन को शांति, सौहार्द और सुरक्षा के माहौल में सम्पन्न कराने हेतु मंगलवार, 7 अक्टूबर को कोतवाली कोटद्वार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल ने की, जिसमें तहसीलदार कोटद्वार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार सहित क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, व्यापारियों एवं वरिष्ठजनों ने भाग लिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। इसके तहत बाजार क्षेत्रों में आवागमन नियंत्रण, निर्धारित पार्किंग स्थल, भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाई जाएगी। व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए, साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील भी की गई।

क्षेत्राधिकारी ने उपस्थित नागरिकों और व्यापारियों से धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने, अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी प्रकार के विवाद से बचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि *त्योहारों की रौनक तभी बनी रहती है जब समाज में शांति, भाईचारा और विश्वास कायम हो*। नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर पर सूचना देने को कहा गया।

Recent Comments