कहा—उत्तरांचल प्रेस क्लब के लिए बनेगा भव्य भवन, पत्रकारों की समस्याओं के समाधान को सरकार प्रतिबद्ध
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब, देहरादून द्वारा आयोजित दीपावली महोत्सव-2025 में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने लक्की ड्रॉ विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए और सभी पत्रकारों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब की भूमि आवंटन की प्रक्रिया गतिमान है और इसके पूरा होने के बाद प्रेस क्लब के लिए एक भव्य भवन का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन से लेकर आज तक पत्रकारों ने अपनी लेखनी के माध्यम से प्रदेश के सर्वांगीण विकास में अहम योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली का पर्व जीवन में सकारात्मकता और ऊर्जा का संचार करता है। पत्रकार भी दीपों की तरह समाज को दिशा दिखाने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी से इस दीपावली पर स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण के लिए ‘स्वदेशी’ को बढ़ावा देना जरूरी है।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवास योजनाओं को लेकर सरकार कई कदम उठा रही है। वरिष्ठ पत्रकार सम्मान योजना के तहत अनेक वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया है, वहीं पत्रकार पेंशन में वृद्धि और विभिन्न जिलों से देहरादून आने वाले पत्रकारों के लिए सूचना विभाग के माध्यम से ठहरने की व्यवस्था की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री पत्रकार पेंशन योजना के अंतर्गत पत्रकार कल्याण कोष का बजट 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किया गया है। पत्रकारों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन भी किया जा रहा है। राज्यभर में मीडिया सेंटरों के आधुनिकीकरण और प्रेस क्लबों के सशक्तिकरण का कार्य शुरू किया गया है।

धामी ने कहा कि पत्रकार सच्चाई और जनहित के लिए जिस समर्पण से कार्य करते हैं, वह प्रशंसनीय है। पत्रकारिता का मूल उद्देश्य लोकतंत्र को सशक्त बनाना है। सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का दायित्व पत्रकार सदैव निभाते रहे हैं।
कार्यक्रम में विधायक खजान दास, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, दायित्वधारी हेमराज बिष्ट, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, महामंत्री सुरेंद्र डसीला समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Recent Comments