नरेश बंसल (राज्यसभा सांसद) ने किया पीआरएसआई राष्ट्रीय सम्मेलन-2025 के ब्रोशर का अनावरण

जनसंपर्क के भविष्य की रूपरेखा तय करेगा देहरादून सम्मेलन — दिसंबर में होगा राष्ट्रीय आयोजन

देहरादून, 22 अक्टूबर — उत्तराखंड की राजधानी देहरादून आगामी दिसंबर में जनसंपर्क के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक आयोजन की मेजबानी करने जा रही है। पब्लिक रिलेशन्स सोसायटी ऑफ इंडिया (PRSI) देहरादून चैप्टर द्वारा आयोजित 47वां ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशन्स कॉन्फ्रेंस – 2025 13 से 15 दिसंबर तक आयोजित होगा। सम्मेलन का केंद्रीय विषय है — “विकसित भारत @ 2047 के लिए जनसंपर्क विज़न”।

इस राष्ट्रीय सम्मेलन के ब्रोशर का अनावरण राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने किया। उन्होंने जनसंपर्क को समाज, सरकार और जनता के बीच संवाद, विश्वास और सहयोग का सशक्त माध्यम बताया। उनके अनुसार, जनसंपर्क केवल सूचना का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि विकास की दिशा तय करने वाला एक प्रभावशाली उपकरण है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारत@2047 की संकल्पना को मजबूती देने में सहायक सिद्ध होगा।

सांसद बंसल ने यह भी रेखांकित किया कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर रहा है, ऐसे में देहरादून में इस स्तर का आयोजन राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सम्मेलन प्रदेश के जनसंपर्क क्षेत्र को नई पहचान देगा और युवा पेशेवरों को सीखने का मंच प्रदान करेगा।

PRSI देहरादून चैप्टर के पदाधिकारियों ने बताया कि तीन दिवसीय यह सम्मेलन जनसंपर्क के बदलते स्वरूप, डिजिटल मीडिया की भूमिका और लोक-संचार के नवीन आयामों पर केंद्रित होगा। इसमें देशभर से जनसंपर्क विशेषज्ञ, मीडिया प्रतिनिधि, कॉर्पोरेट प्रोफेशनल्स और शिक्षाविद भाग लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य जनसंपर्क के क्षेत्र में नवाचारों और सफल पहलों को साझा करना है, ताकि एक संवेदनशील और प्रभावशाली जनसंपर्क तंत्र का निर्माण किया जा सके।

विमोचन कार्यक्रम में पीआरएसआई देहरादून चैप्टर के अध्यक्ष रवि बिजारनियां, सचिव अनिल सती, कोषाध्यक्ष सुरेश चंद्र भट्ट, सदस्य अनिल वर्मा, वैभव गोयल, संजय पांडे, नवीन कंडारी, दीपक नौटियाल, सुशील सती, सुनील राणा आदि उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments