31 दिसंबर तक सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में बनेंगी शत-प्रतिशत बूथ कमेटियां: धस्माना

15 नवंबर तक तैनात होंगे बूथ लेवल एजेंट, संगठन सृजन कार्यक्रम को गति

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा रोडमैप तैयार कर लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा के नेतृत्व में संगठन सृजन कार्यक्रम को मिशन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने बुधवार को कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि संगठनात्मक ढांचे के पुनर्गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। प्रदेश के सभी 27 संगठनात्मक जिलों के पुनर्गठन की घोषणा होते ही नए जिला अध्यक्षों को अपने जिले की ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को सक्रिय करने और निष्क्रिय इकाइयों को पुनर्गठित करने का दायित्व सौंपा जाएगा।

धस्माना ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस ने 15 नवंबर तक सभी बूथों पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने और 31 दिसंबर तक राज्य की सभी 70 विधानसभाओं में शत-प्रतिशत बूथ कमेटियां गठित करने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि नए वर्ष 2026 में बूथ, ब्लॉक और जिला स्तरों पर सम्मेलन एवं प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

धस्माना ने बताया कि इन कार्यक्रमों में पार्टी के सभी फ्रंटल संगठन, प्रकोष्ठ और विभाग सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व पूरे अभियान की समीक्षा करेगा और इसके लिए राष्ट्रीय स्तर से जिला प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाना ही आने वाले चुनावों में विजय का आधार बनेगा।”

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments