देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष करण माहरा ने राज्य सरकार पर जनता की स्वास्थ्य सेवाओं के साथ खिलवाड़ का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देहरादून के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल “दून हॉस्पिटल” में दो करोड़ रुपये से अधिक की लागत से लगाया गया न्यूमेटिक ट्यूब सिस्टम महीनों से पूरी तरह से बंद पड़ा है, जबकि सरकार “डिजिटल उत्तराखंड” के झूठे दावे कर रही है।
माहरा ने कहा, “यह सिस्टम रक्त के नमूनों और ज़रूरी दस्तावेज़ों को तेज़ी से पहुँचाने के लिए लगाया गया था, लेकिन सरकार और अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के कारण आज यह व्यवस्था ठप पड़ी है। इसकी वजह से ऑपरेशन थिएटर से लेकर ब्लड बैंक तक, हर विभाग में काम प्रभावित हो रहा है। जांच रिपोर्ट समय पर नहीं आ पा रही, ऑपरेशन टल रहे हैं और गंभीर मरीजों को भारी तकलीफ़ झेलनी पड़ रही है।”
उन्होंने आगे कहा, “सवाल यह है कि जनता की गाढ़ी कमाई से खरीदा गया यह महंगा सिस्टम महीनों से खराब क्यों पड़ा है? सरकार की प्राथमिकता क्या है? क्या यह सिस्टम सिर्फ़ ठेकेदारों की जेब भरने और विज्ञापनों में डिजिटल उत्तराखंड दिखाने के लिए था?”
कांग्रेस नेता ने जोर देकर कहा, “हम मांग करते हैं कि सरकार तुरंत इस सिस्टम को ठीक कराए और मरीजों को राहत दिलाए। साथ ही, इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जाँच कराई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाए। प्रदेश कांग्रेस इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी जब तक कि मरीजों को उचित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिलतीं।”
माहरा ने निष्कर्ष में कहा, “यह सिर्फ़ एक सिस्टम की विफलता नहीं, बल्कि पूरे स्वास्थ्य तंत्र की विफलता है। सरकार को जनता की सेवा के लिए बनी व्यवस्थाओं को ठीक से चलाने की ज़िम्मेदारी लेनी ही होगी।”

Recent Comments