देहरादून। दून पुलिस ने आज निजी शिक्षण संस्थानों में औचक निरीक्षण किया और 16 छात्रों के ब्लड सैंपल लिए। यह कार्रवाई “ड्रग्स फ्री कैम्पस” अभियान के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य छात्रों को नशे के दुष्परिणामों से बचाना है।
एसएसपी देहरादून के निर्देशन में पुलिस-प्रशासन और डॉक्टरों की संयुक्त टीम ने सेलाकुई थाना क्षेत्र के दो निजी शिक्षण संस्थानों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान छात्रों को नशे के दुष्परिणामों और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस द्वारा पूर्व में सभी शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों से ड्रग्स टेस्ट कराने के लिए कंसेंट फॉर्म/शपथ पत्र भरवाए गए थे। इसी क्रम में आज ब्लड सैंपलिंग की कार्रवाई की गई। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नशे का सेवन करने या तस्करी में लिप्त पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के तहत अन्य शिक्षण संस्थानों में भी पुलिस द्वारा औचक निरीक्षण की तैयारी की जा रही है। दून पुलिस का उद्देश्य छात्रों को नशे से दूर रखना और उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।

Recent Comments