इंदिरा की शहादत और पटेल जयंती पर कांग्रेस ने किया नमन:

इंदिरा ने कराया भारत की ताकत का एहसास, पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोया

देहरादून। देश की पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी के 41वें शहादत दिवस और प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने दोनों महान विभूतियों के देश के प्रति किए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि 1971 में उन्होंने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर 98 हजार सैनिकों को आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर कर दिया था, जिससे पूरी दुनिया को भारत की सैन्य ताकत का एहसास हुआ। माहरा ने जोर दिया कि इंदिरा गांधी उस समय के अमेरिकी राष्ट्रपति निक्सन की धमकियों के आगे नहीं झुकीं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि आपातकाल के बाद जब जनता ने उन्हें सत्ता से बेदखल किया, तो उन्होंने जनता के फैसले को सर माथे लिया और संघर्ष के बल पर वापसी की।
माहरा ने कहा, “इंदिरा जी ने हमेशा परिस्थितियों का सामना बहुत बहादुरी के साथ किया और कभी भी विषम व विपरीत परिस्थितियों के सामने नहीं झुकीं।”

करण माहरा ने प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्हें महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बताया। उन्होंने कहा कि पटेल कांग्रेस की पहली पांत के नेताओं में गांधी और नेहरू के समकक्ष स्थान रखते थे और उनका पार्टी व देश में वैसा ही सम्मान था।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि जिन परिस्थितियों में हम आज इंदिरा जी की शहादत और सरदार पटेल की जयंती मना रहे हैं, उनमें इन दोनों नेताओं की स्मृतियां, उनका व्यक्तित्व व उनके कृतित्व बहुत याद आ रहे हैं। धस्माना ने कहा, “दोनों नेताओं ने देश को एक रखने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। जहां इंदिरा जी को देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान देना पड़ा, वहीं सरदार पटेल ने धार्मिक, जातीय, सांस्कृतिक व भाषाई विभिन्नताओं वाले भारत को एक सूत्र में बांधने का ऐतिहासिक कार्य किया।”

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव नवीन जोशी, महासचिव जगदीश धीमान, प्रदेश महासचिव राजेंद्र शाह, महानगर अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी, गरिमा दसौनी, दिनेश कौशल, डॉक्टर प्रतिमा सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, वीरेंद्र प्रसाद भट्ट, रॉबिन त्यागी, सुनील जायसवाल, मुकेश सोनकर, वीरेंद्र पंवार, मोहन काला, लखी राम बिजलवान, देवेंद्र सिंह, आदर्श सूद, सुशीला बेलवाल शर्मा, वीरेश शर्मा, प्रवीण भारद्वाज, कमर सिद्दीकी, आनंद सिंह पुंडीर, किशोर उनियाल और सुमित खन्ना समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments