देहरादून जिले के 10 स्थानों पर 15 नवंबर को एक साथ आएगा भूकम्प

मॉक ड्रिल के दौरान बजेंगे इमरजेंसी सायरन, घबराए नहीं, जिला प्रशासन की नागरिकों से अपील

देहरादून। भूकंप की संभावित आपदा से निपटने की तैयारी को लेकर देहरादून जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। आगामी 15 नवंबर, 2025 को सुबह 9:30 बजे से जिले के 10 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ व्यापक भूकंप मॉक अभ्यास (मॉकड्रिल) आयोजित किया जाएगा। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपदा प्रबंधन में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और राहत कार्यों की दक्षता का परीक्षण करना है।

इसी कड़ी में, बृहस्पतिवार को सभी संबंधित एजेंसियों के साथ एक टेबल टॉप एक्सरसाइज (मेज-अभ्यास) का आयोजन किया गया। इस बैठक में इंसीडेंट रेस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) से जुड़े सभी नोडल अधिकारियों को उनके दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई और आपदा प्रबंधन के दौरान अपनी जिम्मेदारियों का पूरी तरह से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने इस अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “मॉक अभ्यास का प्राथमिक उद्देश्य आपदा की वास्तविक स्थिति में हमारी त्वरित प्रतिक्रिया, एजेंसियों के बीच समन्वय और राहत कार्यों की दक्षता को परखना है। इस ड्रिल के दौरान भूकंप आने की काल्पनिक स्थिति तैयार की जाएगी, जिसमें राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया जाएगा। इससे वास्तविक आपदा के दौरान बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा और रिस्पांस टाइम को कम से कम करते हुए राहत कार्यों को अंजाम दिया जा सकेगा।”

जिलाधिकारी ने बताया कि इस महत्वपूर्ण अभ्यास में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन दल, होमगार्ड, पीआरडी, डीडीआरएफ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ सहित जिले की तमाम आपदा प्रबंधन एजेंसियां भाग लेंगी और अपनी-अपनी भूमिकाओं का निर्वहन करेंगी।

मॉक अभ्यास की एक खास बात यह होगी कि सिविल डिफेंस सिस्टम की क्षमताओं को परखने के लिए इमरजेंसी सायरन भी बजाए जाएंगे। इस संबंध में जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से एक महत्वपूर्ण अपील की है कि 15 नवंबर को सुबह इमरजेंसी सायरन की तेज आवाज सुनाई देने पर वे बिल्कुल भी घबराएं नहीं। यह सायरन केवल मॉक अभ्यास के उद्देश्य से बजाए जाएंगे।

जिले में एक साथ 10 स्थानों पर यह आपदा राहत एवं बचाव मॉक अभ्यास आयोजित किया जाएगा। तहसील सदर के अंतर्गत 06 प्रमुख स्थानों – कोरोनेशन अस्पताल, महाराणा प्रताप स्टेडियम, आईएसबीटी (इंटर-स्टेट बस टर्मिनल), विद्युत उप केंद्र आराघर, जल संस्थान खंड दिलाराम चौक तथा पैसिफिक मॉल के आसपास यह अभ्यास किया जाएगा। वहीं, कालसी क्षेत्र के अंतर्गत पाटा गांव एवं राइका कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में भी मॉक अभ्यास होगा। इसके अलावा, विकास नगर में औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई तथा ऋषिकेश में टीएचडीसी के पास भी यह अभ्यास आयोजित किया जाएगा।

इस दौरान स्थानीय जनता को भूकंप जैसी आपदा के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा सावधानियों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।

टेबल टॉप एक्सरसाइज के दौरान एसडीएम सदर हरिगिरी, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, सीएमओ डॉ. एमके शर्मा, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, डीडीओ सुशील कुमार, डीएसओ केके अग्रवाल, डीडीएमओ ऋषभ कुमार सहित सभी संबंधित एजेंसियों के नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments